Bareilly: बरेली मीरगंज तहसील क्षेत्र में पिछले दिनों हुई मूसलाधार बारिश से कई गांवों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। अतिवृष्टि के कारण कच्चे मकानों के क्षतिग्रस्त होने से गरीब परिवारों के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। वहीं, खेतों में पानी भरने से कई किसानों की फसलें बर्बाद होने की बात सामने आई है। प्रभावित ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
जानिए क्या है पूरा मामला?
अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा की प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा नेत्री प्रो. भक्ति सिंह ने इस संबंध में उपजिलाधिकारी मीरगंज को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बारिश से प्रभावित परिवारों को तत्काल तिरपाल, राहत सामग्री और जरूरत के अनुसार अस्थायी आवास उपलब्ध कराने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि प्रभावित गांवों में राजस्व विभाग की टीम भेजकर मकानों और फसलों को हुए नुकसान का स्थलीय सर्वे कराया जाए। सर्वे के आधार पर पात्र छोटे, सीमांत और गरीब किसानों को नियमानुसार फसल क्षति का मुआवजा और आर्थिक सहायता दिलाई जाए। साथ ही जिन परिवारों के मकान बारिश में गिर गए हैं, उन्हें भी राहत पहुंचाई जाए।
ALSO READ: UP: 39 लाख की सड़क पर पहली बरसात का असर, कई जगह उखड़ी परत और बने गड्ढे
प्रो. भक्ति सिंह ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को समय से मदद मिलना जरूरी है। प्रशासन को नुकसान का आकलन कर पात्र लोगों तक राहत पहुंचानी चाहिए। इस दौरान इंद्रपाल ग्राम प्रधान, गंगा सहाय राजपूत, हरद्वारी लाल वर्मा समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।














