UP: APK फाइल डाउनलोड कराकर 5.23 लाख की साइबर ठगी, गैंग का सरगना गिरफ्तार

गोण्डा: साइबर थाना गोण्डा पुलिस ने मोबाइल में APK मालवेयर डाउनलोड कराकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजस्थान के सीकर निवासी दीपक सिंह तंवर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के गिरोह ने गोण्डा निवासी राजेन्द्र कुमार श्रीवास्तव के मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड कराकर उनके खाते से ₹5.23 लाख की साइबर ठगी की थी।

पुलिस के मुताबिक ठगी की रकम से MakeMyTrip के जरिए विभिन्न 5-स्टार होटलों की बुकिंग की गई और कुछ रकम डिजिटल क्रेडिट कार्ड में सेटल की गई। मामले में साइबर थाना गोण्डा में मुकदमा दर्ज किया गया था।

Also Read: बेतियाहाता पर ‘एक नई आशा’ का सेवा कार्य, SP निमिष पाटिल ने सराहा प्याऊ पहल.

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गिरोह लोगों के मोबाइल में APK मालवेयर डाउनलोड कराकर उनका एक्सेस हासिल करता था। इसके बाद अलग-अलग सिम के जरिए डिजिटल बैंक खाते खुलवाकर ठगी की रकम उनमें डाली जाती थी। रकम को एफडी में बदलकर उसके आधार पर डिजिटल क्रेडिट कार्ड हासिल किए जाते थे। इन कार्डों से आभूषण, फ्लाइट टिकट और अन्य महंगी वस्तुओं की खरीदारी की जाती थी।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक आईफोन मोबाइल और ₹3,170 नकद बरामद किए हैं। साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गिरफ्तारी की। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय रवाना कर दिया गया।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )