UP: बाराबंकी थाना रामनगर क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने एक युवक पर सोशल मीडिया के माध्यम से अश्लील संदेश भेजने, उसकी फोटो को आपत्तिजनक तरीके से एडिट कर भेजने, गाली-गलौज करने, धमकी देने और तीन लाख रुपये की मांग करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर रामनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में महिला ने बताया कि आरोपी युवक कथित तौर पर उसके मोबाइल नंबर पर ईमेल आईडी और इंस्टाग्राम के इनबॉक्स के माध्यम से आपत्तिजनक संदेश भेजता था। आरोप है कि महिला द्वारा इंस्टाग्राम पर लगाए गए स्टेटस से उसकी फोटो निकालकर उसे अश्लील तरीके से एडिट किया गया और फिर उसे भेजा गया। महिला ने जब इस तरह की हरकत करने से मना किया तो आरोपी ने कथित तौर पर अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और लगातार आपत्तिजनक संदेश भेजने लगा।
महिला का आरोप है कि शिकायत करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। साथ ही कथित तौर पर तीन लाख रुपये की मांग करते हुए रुपये नहीं देने पर एडिट की गई अश्लील तस्वीरें अन्य लोगों को भेजकर उसकी सामाजिक छवि खराब करने की धमकी दी गई।
तहरीर में महिला ने बताया कि इस घटना से वह मानसिक रूप से परेशान है और सामाजिक रूप से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रही है। महिला के अनुसार उसने पहले चौकी और थाने में शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक से शिकायत की गई।पुलिस अभिलेख के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 को प्राप्त शिकायत के आधार पर रामनगर थाने में मामला दर्ज किया गया। प्रकरण की विवेचना निरीक्षक राजबहादुर सरोज को सौंपी गई है। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों, सोशल मीडिया संदेशों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।














