UP: बिजनौर में मिलावटी गुड़ का खेल! छापेमारी में केमिकल रंग और अखाद्य तेल बरामद

UP: बिजनौर के अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के कादराबाद में गुड़ कोल्हू पर राजस्व विभाग की टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान गुड़ बनाने में कथित तौर पर आपत्तिजनक केमिकल और रंग के इस्तेमाल का मामला सामने आया। टीम को मौके पर कई ऐसी सामग्री मिली, जिनके इस्तेमाल से तैयार गुड़ की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

चीनी और केमिकल समेत कई सामग्री बरामद

राजस्व विभाग की टीम ने कोल्हू के गोदामों की जांच की तो वहां बड़ी मात्रा में चीनी की बोरियां, केमिकल, रंग, अखाद्य तेल और अन्य सामग्री बरामद होने की बात सामने आई। आरोप है कि इन्हीं सामग्रियों का इस्तेमाल कर मिलावटी गुड़ तैयार किया जा रहा था। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद सामग्री की जांच शुरू कर दी है।

Also Read: UP: जौनपुर में होटल-रेस्टोरेंट पर खाद्य विभाग की छापेमारी, 6 प्रतिष्ठानों को नोटिस, मिठाइयों के लिए सैंपल

मिलावटी गुड़ से सेहत पर खतरे की आशंका

बताया जा रहा है कि गुड़ को आकर्षक रंग देने और तैयार करने के लिए कथित तौर पर ऐसे केमिकल का इस्तेमाल किया जा रहा था, जो खाद्य पदार्थों के लिए उपयुक्त नहीं हैं। ऐसे में इस तरह तैयार किए गए गुड़ के सेवन से लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। मामले की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों से नोकझोंक

छापेमारी के दौरान कोल्हू संचालकों और नायब तहसीलदार के बीच नोकझोंक की स्थिति भी बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने बरामद सामग्री और कोल्हू में तैयार किए जा रहे गुड़ की प्रक्रिया की जांच शुरू कर दी है।

Also Read: UP: जफराबाद बाजार में खाद्य विभाग की छापेमारी, कई दुकानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने

कादराबाद में ऐसे कई कोल्हू चलने का दावा

स्थानीय किसानों का दावा है कि कादराबाद क्षेत्र में ऐसे दर्जनों गुड़ कोल्हू संचालित हो रहे हैं, जहां कथित तौर पर मिलावट का काम किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ संचालक दबंग प्रवृत्ति के हैं और विरोध करने पर विवाद की स्थिति पैदा कर देते हैं। फिलहाल राजस्व विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)