‘BJP सरकार की उल्टी गिनती शुरू…’, शिवपाल यादव ने 2027 चुनाव को लेकर किया बड़ा दावा

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव और जसवंतनगर विधायक शिवपाल सिंह यादव ने बड़ा दावा किया है। मंगलवार (6 अक्टूबर) को कन्नौज पहुंचे शिवपाल यादव ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। उन्होंने भरोसा जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में ‘इंडिया’ गठबंधन सरकार बनाएगा।

अखिलेश यादव के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी सपा

कन्नौज में मीडिया से बातचीत के दौरान शिवपाल यादव ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा, “बीजेपी सरकार जा रही है और उसका काउंटडाउन शुरू हो गया है।” शिवपाल ने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार बनेगी। उनके इस बयान को आगामी चुनाव की तैयारियों के बीच सपा के आत्मविश्वास से जोड़कर देखा जा रहा है।

Also Read: सपा नेता शिवपाल यादव ने कविता वाले अंदाज में योगी सरकार पर कसा तंज

BSP को लेकर शिवपाल ने साधा निशाना

बहुजन समाज पार्टी (BSP) की संभावित चुनावी चुनौती को लेकर सवाल पूछे जाने पर शिवपाल यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दावा किया कि बसपा का राजनीतिक आधार कमजोर हो चुका है और पार्टी टूट चुकी है। शिवपाल ने आरोप लगाया कि भाजपा जो कहती है, बसपा वही करती है। वहीं, ‘इंडिया’ गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर उन्होंने कहा कि इस संबंध में अंतिम फैसला गठबंधन के राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से लिया जाएगा।

‘वोट चोरी’ के आरोपों पर भी BJP को घेरा

शिवपाल यादव ने कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर भी गड़बड़ी के आरोप लगाए और कहा कि भाजपा पर वोट के साथ-साथ भगवान को चढ़ाए जाने वाले चढ़ावे की चोरी का भी आरोप है। निर्वाचन आयोग से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि लोग अब सड़कों पर उतरकर चुनाव को निष्पक्ष तरीके से कराने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि चुनाव ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ होने चाहिए।

Also Read: ‘हिंदू-मुसलमान को बांटकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश…’, शिवपाल यादव का भाजपा पर हमला

कन्नौज में हुआ जोरदार स्वागत

शिवपाल सिंह यादव मंगलवार दोपहर कन्नौज पहुंचे, जहां समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने सपा नेता जय कुमार तिवारी ‘बौवन’ के आवास पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में भी हिस्सा लिया। चुनावी माहौल के बीच कन्नौज दौरे पर शिवपाल यादव के बयान को सपा की आगामी चुनावी रणनीति और विपक्षी गठबंधन को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)