अमेठी: जिले में बिजली विभाग के सामने बकाया बिल की बड़ी समस्या बनी हुई है। जिले में करीब 1 लाख 31 हजार बिजली उपभोक्ताओं पर 547 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया है। इसके मुकाबले हर महीने महज 7 से 8 करोड़ रुपये की वसूली हो पा रही है। लगातार बढ़ते बकाये से विभाग के सामने बिजली खरीद और विद्युत व्यवस्था के रखरखाव को लेकर चुनौती बनी हुई है।
अधीक्षण अभियंता अरुण कुमार सिंह ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वह अपने बिजली के बिल का समय से भुगतान करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता के बिल में किसी तरह की गड़बड़ी है तो वह अपने नजदीकी विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचकर बिल को सही करा सकता है।
Also Read: UP: छात्राओं को CM Yogi की सौगात, स्कूटी वितरण की तैयारियां तेज, अफसरों को निर्देश जारी
एसई ने कहा कि उपभोक्ताओं द्वारा समय पर बिजली बिल जमा किए जाने से विभाग को बिजली खरीदने और विद्युत व्यवस्था के रखरखाव में सहूलियत होती है। उन्होंने कहा कि बकाया भुगतान न होने का असर विभाग की व्यवस्थाओं पर पड़ता है।
विभाग के अनुसार जिले में बड़ी संख्या में ऐसे उपभोक्ता भी हैं, जिन पर एक लाख रुपये से अधिक का बिजली बिल बकाया है। ऐसे बड़े बकायेदारों को चिन्हित कर नोटिस भेजने की कार्रवाई की जा रही है। नोटिस के बाद भी बकाया जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: सपा नेता शिवपाल यादव ने कविता वाले अंदाज में योगी सरकार पर कसा तंज
अधीक्षण अभियंता ने उपभोक्ताओं से विभाग का सहयोग करने और समय से बिजली बिल जमा करने की अपील की है। उनका कहना है कि समय पर भुगतान से विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और निर्बाध बिजली आपूर्ति के लक्ष्य को पूरा करने में मदद मिलेगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














