UP: सपा नेता माता प्रसाद पांडेय से मिले पूर्व BJP विधायक देवमणि द्विवेदी, तस्वीर ने बढ़ाई सियासी हलचल

सुल्तानपुर: लंभुआ के पूर्व विधायक देवमणि द्विवेदी की समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय से मुलाकात ने जिले की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। देवमणि ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर माता प्रसाद पांडेय के साथ तस्वीर साझा की है। मुलाकात के दौरान उन्होंने उन्हें अपनी किताब ‘परशुराम की प्रतीक्षा’ भी भेंट की। तस्वीर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में इसके अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं।

देवमणि द्विवेदी ने हालांकि मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया है। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि माता प्रसाद पांडेय के अस्वस्थ होने की जानकारी मिलने पर वह उनके निजी आवास पर हालचाल लेने पहुंचे थे। देवमणि ने यह भी बताया कि पुलिस अधिकारी के रूप में उनके करियर की शुरुआत सिद्धार्थनगर से हुई थी, जो माता प्रसाद पांडेय का गृह जनपद है। उनके अनुसार, पांडेय का उनके प्रति स्नेह हमेशा बना रहा है।

Also Read: UP: छात्राओं को CM Yogi की सौगात, स्कूटी वितरण की तैयारियां तेज, अफसरों को निर्देश जारी

देवमणि की राजनीतिक पारी की शुरुआत वर्ष 2017 में हुई थी। रेलवे भूमि प्राधिकरण के महाप्रबंधक पद से वीआरएस लेने के बाद उन्होंने भाजपा के टिकट पर लंभुआ विधानसभा से चुनाव लड़ा। भाजपा की लहर के बीच उन्होंने 78,627 वोट हासिल किए और बसपा प्रत्याशी व पूर्व मंत्री विनोद सिंह को 12,903 मतों से शिकस्त दी।

हालांकि वर्ष 2022 में भाजपा ने उनका टिकट दोबारा नहीं दोहराया। उनकी जगह सदर विधानसभा से 2017 में निर्वाचित सीताराम वर्मा को लंभुआ से मैदान में उतारा गया। देवमणि इसके बाद भी क्षेत्र से अपना जुड़ाव बनाए हुए हैं। मौजूदा समय में उनकी क्षेत्र में सक्रियता एक बार फिर चर्चा में है।

Also Read: सपा नेता शिवपाल यादव ने कविता वाले अंदाज में योगी सरकार पर कसा तंज

राजनीतिक जानकारों की नजर अब इस बात पर है कि आगामी विधानसभा चुनाव में देवमणि किस सियासी मंच से मैदान में उतरते हैं। सोशल मीडिया पर माता प्रसाद पांडेय के साथ सामने आई तस्वीर और पुस्तक भेंट करने की घटना ने इस चर्चा को और हवा दे दी है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)