जौनपुर: जिले की खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से जौनपुर प्रीमियर लीग (जेपीएल)-2026 का बुधवार को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एकलव्य स्टेडियम में भव्य शुभारंभ हुआ। पूर्व आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह की पहल पर आयोजित इस लीग में जिले के 10 विधानसभा क्षेत्रों की टीमें हिस्सा लेंगी। उद्घाटन समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह और जिलाधिकारी सैमुअल पॉल मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न टीमों के कप्तानों की मौजूदगी में जर्सी लॉन्च की गई और ट्रॉफी का अनावरण किया गया। आयोजकों के अनुसार, जेपीएल का उद्देश्य जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें बेहतर मंच और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर उपलब्ध कराना है।
Also Read: बुंदेलखंड में फिर बढ़ा बाढ़ का खतरा! केन-यमुना उफान पर, चिल्ला घाट पर भी बढ़ा जलस्तर
कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि अब समय बदल चुका है। पहले जहां कहा जाता था कि ‘खेलोगे-कूदोगे तो होगे खराब’, वहीं अब ‘खेलोगे तो खिलोगे’ की सोच विकसित हुई है। खेल युवाओं के लिए सम्मानजनक करियर का माध्यम बनने के साथ उनकी प्रतिभा को नई पहचान भी दिला रहा है। उन्होंने कहा कि जेपीएल विश्वविद्यालय और खेल प्रतिभाओं के बीच मजबूत जुड़ाव स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल ने अभिषेक सिंह की पहल की सराहना करते हुए कहा कि जौनपुर को आगे ले जाने के लिए इस तरह के प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के मंच से जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलना सराहनीय पहल है।
Also Read:‘खुन्नस मिटाने के लिए मस्जिद पर बुलडोज़र चल रहे…’, भड़के AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी
मुख्य आयोजक पूर्व आईएएस अभिषेक सिंह ने कहा कि जौनपुर में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें सही अवसर और उचित मार्गदर्शन देने की है। इसी उद्देश्य से विधानसभा स्तर पर 10 टीमों का गठन किया गया है। उन्होंने आयोजन के लिए विश्वविद्यालय का स्टेडियम उपलब्ध कराने पर कुलपति के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह, वित्त अधिकारी आत्म प्रकाशधर द्विवेदी, प्रो. प्रमोद यादव, प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. मनोज मिश्र, प्रो. प्रदीप कुमार, प्रो. रजनीश भास्कर, प्रो. विनोद कुमार, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर मौजूद रहे।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














