ब्लू व्हेल’ के बाद आया #KiKiChallenge, जानें क्यों हो रहा तेजी से वायरल

सोशल मीडिया पर इन दिनों #KiKiChallenge काफी तेजी से वायरल हो रहा है. मस्ती के लिए शुरू किया गया इंटरनेट का ये नया खेल दूसरा ब्लू व्हेल गेम बन गया है. लोग बेपरवाह होकर इस चैलेंज को एक्सेप्ट कर रहे हैं जिसकी वजह से लोगों को हादसे का शिकार होना पड़ रहा है.

 

सोशल मीडिया में ट्रेंड कर रहा मौत का ये नया खेल बच्चों और युवाओं में तेजी से फैल रहा है. इसे देखते हुए दिल्ली, मुंबई, चंडीगढ़ समेत कई शहरों की पुलिस ने पैरेंट्स के लिए अलर्ट जारी किया है.

अमेरिका के बैंटडॉर्फ की अन्ना इस चैलेंज की वजह से दुर्घटना का शिकार हो गईं. वो दूसरों की तरह वीडियो बनाने की होड़ में आईसीयू में पहुंच गई. अब उन्हें चार कदम चलने के लिए भी सहारा लेना होता है. कुछ ऐसा ही एक हादसा अमेरिका के ह्यूस्टन में हुआ जहां एक नाबालिग गाड़ी चलाते हुए इस चैलेंज की वजह से दुर्घटना का शिकार हो गया.

 

एक या दो मामले नहीं हैं, देश-विदेश से ऐसे हजारों मामले सामने आ रहे, जिसमें लोग गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं, सड़कों पर जाम लग रहे हैं, गाड़ियों के एक्सिडेंट हो रहे हैं. #KiKiChallenge भी उसी समस्या की तरह उभरा है जैसे कुछ वक्त पहले ब्लू व्हेल ने लोगों की नींद उड़ा दी थी.

 

जानें क्या है #KiKiChallenge

इस चैलेंज में लोग डांस और क्रिएटिविटी के नाम पर तरह-तरह के स्टंट करते हैं. पहले इसे खड़ी गाड़ी के बाहर किया गया फिर कुछ लोगों ने चलती गाड़ी से उतर कर डांस करना शुरू कर दिया और अब तो हालात ये हो चुके हैं कि बहुत से लोग ड्राइविंग सीट से ही उतरकर अपने डांस के वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं.

 

कैसे शुरू हुआ ये सिलसिला

ये डांस चैलेंज कॉमेडियन शिग्गी ने शुरू किया था. यह डांस कनाडा के रैपर डरेक (Drake) के गाने पर किया गया है. जब से शिग्गी ने यह डांस किया था, तब से इंटनरेट पर इस तरह का डांस करने का चैलेंज बन गया था.

हैशटैग #InMyFeelings के नाम से जाने जाने वाले इस वीडियो में एक चलती हुई कार से बाहर निकल कर कैनेडियन रैपर और सिंगर ड्रैक के नए हिट एल्बम ‘स्कॉर्पियन’ के गाने ‘इन माई फेलिंग्स’ की लाइनें ‘किकी, डू यू लव मी? आर यू राइडिंग?’ पर लोग डांस वीडियो बना कर अपलोड कर रहे हैं.

 

भारत में भी दस्तक

#KiKiChallenge ने भारत में भी दस्तक दे दी है. मुंबई, दिल्ली और उत्तर प्रदेश पुलिस से लोगों से अपील की है कि वो ऐसे चैलेंज को एक्सेप्ट न करें, ये बेहद खतरनाक है. मुंबई पुलिस ने अपील की है, “यह न केवल आपके लिए जोखिमभरा है बल्कि आपका ये एक्ट दूसरों की जिंदगी को भी मुश्किल में डाल सकता है”

यूपी पुलिस ने अभिवावकों से अपील की है, “प्रिय माता-पिता, चाहें किकी आपके बच्चे से प्यार करे या नहीं, हमें यकीन है कि आप करते हैं. तो कृपया #kikichallenge को छोड़कर जीवन में आने वाली सभी चुनौतियों में अपने बच्चे का साथ दें”

दिल्ली पुलिस ने भी चेतावनी दी है कि ‘‘डांस करने के लिए फ्लोर का इस्तेमाल कीजिए, न कि रोड का. किकी चैलेंज मस्ती के लायक नहीं है.”

 

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करेंआप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )