UP: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) सरकार की नशीली दवाओं के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत सोनभद्र पुलिस ने वाराणसी में बड़ी छापेमारी की है। कोडीन कफ सिरप मामला (Codeine Cough Syrup) के मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल (Shubham Jaiswal) के पिता भोला जायसवाल (Bhola Jaiswal) की लगभग 28 करोड़ रुपये की संपत्ति को जब्त किया गया है। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश के तहत गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत की गई। पुलिस ने सिगरा के बादशाह बाग कॉलोनी स्थित मकान को भी अपने कब्जे में लिया है।
करोड़ों की संपत्तियों और लग्जरी वाहनों पर कब्जा
सोनभद्र के सीओ सिटी रणधीर कुमार मिश्र के नेतृत्व में भारी पुलिस बल शुक्रवार को वाराणसी पहुंचा। मुनादी के जरिए तस्करी की कमाई से खरीदी गई संपत्तियों को कब्जे में लिया गया। इसमें तीन आलीशान मकान और बड़ी जमीन शामिल है। साथ ही मौके पर पुलिस ने मर्सिडीज कार और अन्य लग्जरी वाहन भी जब्त किए। जांच में पता चला कि कफ सिरप की तस्करी से अर्जित पैसा इन संपत्तियों और वाहनों में निवेश किया गया था।
Also Read: Varanasi: कफ सिरप कांड, यूपी में 2000 करोड़ का काला कारोबार, ED खंगाल रही सिंडीकेट
कोलकाता से गिरफ्तार हुआ आरोपी
पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल है, जो नशीली कफ सिरप की खेप विभिन्न राज्यों में सप्लाई करता था। इससे जुड़े मामले में पहले भोला जायसवाल को कोलकाता से गिरफ्तार किया गया था। उन पर इस अवैध कारोबार की फंडिंग और काली कमाई को ठिकाने लगाने का आरोप है। पुलिस ने उनके ठिकानों की जानकारी जुटाकर यह कार्रवाई सुनिश्चित की।
अपराधियों में मचा हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद नशीली दवाओं के कारोबार में लगे माफियाओं में खौफ का माहौल है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपराधियों की अवैध कमाई का हर पैसा जब्त किया जाएगा। इस दौरान वाराणसी पुलिस ने भी सहयोग किया, ताकि कार्रवाई सुरक्षित और कानून के अनुसार पूरी हो सके।














