उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ’80-20′ वाले बयान पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पलटवार किया है। अखिलेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सीएम योगी के भाषण का करीब पांच सेकंड का वीडियो साझा करते हुए बीजेपी सरकार पर PDA के उत्पीड़न का आरोप लगाया।
‘बीजेपी सरकार में PDA का उत्पीड़न बढ़ेगा’
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में कहा कि मुख्यमंत्री योगी ने अपने कथित धमकी भरे अंदाज में यह स्वीकार कर लिया है कि उनके शासन में PDA का उत्पीड़न थमने वाला नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसका अर्थ है कि पीड़ित, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, आधी आबादी और आदिवासी वर्ग के खिलाफ बीजेपी सरकार का अत्याचार और अन्याय आगे और बढ़ सकता है।
Also Read: ‘साइकिल चलेगी तो दंगा करवाएगी…’, अखिलेश यादव पर भड़के CM योगी
‘5 सेकंड की स्वीकारोक्ति का असर 5 सदियों तक रहेगा’
सपा प्रमुख ने सीएम योगी के बयान पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि PDA को लेकर दिया गया यह पांच सेकंड का बयान बीजेपी नेताओं को लंबे समय तक राजनीतिक नुकसान पहुंचाएगा। अखिलेश ने व्यंग्य करते हुए कहा कि जब मुख्यमंत्री को हर समय PDA ही PDA दिखाई देता है तो उन्हें 108 मनकों की माला बनाकर PDA का जाप करना चाहिए, जिससे उनके कुछ पाप कम हो सकें।
‘2024 की हार से बिगड़ा संतुलन’
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में मिली हार की वजह से पार्टी का संतुलन बिगड़ गया है और इसी कारण ऐसे बयान सामने आ रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि बीजेपी के पास अपनी उपलब्धियों और कामकाज को लेकर चर्चा करने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि उपलब्धियों के स्तर पर बीजेपी दिवालिया हो चुकी है और जनता अब ‘चढ़ावा चोरों’ की बात सुनने के मूड में नहीं है।
Also Read: ‘रामभक्तों पर लाठी-गोली चलाने वाले कर रहे आस्था की वकालत…’, बोले CM योगी
CM योगी ने ’80-20′ को लेकर क्या कहा था?
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर लखनऊ के जीपीओ स्थित पटेल पार्क में ‘सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा’ आयोजित की गई थी। कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हालिया राज्यसभा चुनाव के नतीजों ने आगामी विधानसभा चुनाव की तस्वीर साफ कर दी है। उन्होंने कहा कि मुकाबला एक बार फिर 80-20 का है, जिसमें 80 फीसदी NDA और 20 फीसदी PDA है। साथ ही उन्होंने कहा कि PDA का क्या हाल होने वाला है, यह भी जल्द सामने आएगा। इसी बयान को लेकर अब अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














