लखनऊ: महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर सीएम योगी ने अर्पित की भावपूर्ण श्रद्धांजलि

लखनऊ: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी (Mahatma Gandhi) की पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने लखनऊ के जीपीओ पार्क में स्थित गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और कुछ क्षण मौन रहकर बापू को याद किया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर भी महात्मा गांधी को नमन करते हुए आम जनता से उनके आदर्शों को अपनाने का आग्रह किया।

बच्चों ने प्रस्तुत किए गांधीजी के प्रिय भजन

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने महात्मा गांधी के प्रिय भजनों की प्रस्तुतियाँ दी। ‘रघुपति राघव राजाराम’ सहित अन्य भजनों की मधुर धुनों से जीपीओ पार्क गूंज उठा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगभग 15 मिनट तक भजनों को ध्यानपूर्वक सुना और बच्चों की प्रस्तुति की सराहना की। इस दौरान उन्होंने सभी बच्चों के साथ गांधी प्रतिमा के समक्ष फोटो भी खिंचवाई।

Also Read: ‘हम सिर्फ संभावनाओं की बात नहीं करते, परिणाम भी देते है…’, गोरखपुर में बोले सीएम योगी

सत्य और अहिंसा का संदेश

अपने सोशल मीडिया पोस्ट में मुख्यमंत्री ने लिखा कि, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का सत्यनिष्ठ आचरण, अहिंसा की अडिग साधना और मानवता के प्रति करुणा संपूर्ण विश्व को सदैव प्रेरित करती रहेगी। आइए, हम बापू के आदर्शों को अपनाकर एक समृद्ध, न्यायपूर्ण और विकसित भारत का निर्माण करें।

वरिष्ठ नेताओं ने भी दी श्रद्धांजलि

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक नीरज बोरा और जय देवी, विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह, मुकेश शर्मा, रामचंद्र प्रधान तथा भाजपा के महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। सभी ने गांधी जी के चित्र और प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)