फर्रुखाबाद : नवाबगंज थाना क्षेत्र के पुठरी गांव में देर रात एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय विवाहिता की करंट लगने से मौत हो गई। खाना बनाते समय फर्राटा पंखे का प्लग निकालने के दौरान वह बिजली की चपेट में आ गई। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि तीन छोटे बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।
जानकारी के अनुसार पुठरी गांव निवासी काजल (30), पत्नी शेर सिंह, सोमवार रात घर की रसोई में खाना बना रही थीं। इसी दौरान उन्होंने पास में चल रहे फर्राटा पंखे का प्लग निकालने का प्रयास किया। बताया जाता है कि पंखे में करंट उतर आया था, जिससे प्लग छूते ही उन्हें जोरदार बिजली का झटका लगा और वह वहीं अचेत होकर पंखे से चिपक गईं।
कुछ देर बाद खेत से घर लौटे उनके ससुर छविनाथ की नजर बहू पर पड़ी। उन्होंने शोर मचाया तो परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। बिजली का संपर्क समाप्त कर काजल को तत्काल बाहर निकाला गया और आनन-फानन में डॉ. राममनोहर लोहिया जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को जानकारी दी। मंगलवार को नवाबगंज थाने के उपनिरीक्षक सत्यनारायण ने अस्पताल पहुंचकर शव का पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Also Read – लखनऊ : पत्नी को हुआ इश्क, पति की रची मौत की साजिश; जहर देकर उतारा मौत के घाट
मृतका के जेठ पवन कुमार ने बताया कि काजल रोज की तरह घर का काम कर रही थीं। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि एक सामान्य घरेलू कार्य इतना बड़ा हादसा बन जाएगा। काजल के पति शेर सिंह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। पत्नी की असमय मौत से वह गहरे सदमे में हैं।
काजल अपने पीछे तीन मासूम बच्चों—9 वर्षीय रोहन तथा छह वर्षीय जुड़वा बच्चे परी और राघव—को छोड़ गई हैं। मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर है और लोग परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर घरेलू बिजली उपकरणों के सुरक्षित उपयोग और समय-समय पर उनकी जांच की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।













































