अमेठी: विकासखंड शाहगढ़ स्थित प्राथमिक विद्यालय पंडरी में तैनात सहायक अध्यापक वैष्णवी नंदन शुक्ल पर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) संजय तिवारी ने उन्हें आठ गंभीर आरोपों के प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर निलंबित कर दिया। शिक्षक पर महिला सहकर्मियों के प्रति अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने, धमकी देने तथा अमर्यादित व्यवहार करने के आरोप हैं।
जांच में प्रथम दृष्टया सही मिले आरोप
बीएसए के मुताबिक, शिक्षक के खिलाफ अलग-अलग स्तर से मिली शिकायतों की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी मुसाफिरखाना को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया था। जांच अधिकारी ने शिकायतों, उपलब्ध साक्ष्यों और विभागीय रिकॉर्ड की पड़ताल कर रिपोर्ट सौंपी। रिपोर्ट में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। जांच में प्रधानाध्यापक, ग्रामीणों और उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से दी गई शिकायतों को भी शामिल किया गया।
स्कूल में लापरवाही और ट्रेडिंग करने का आरोप
शिक्षक पर अपने शिक्षण कार्य और सरकारी जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही बरतने का आरोप भी लगा है। शिकायतों में कहा गया कि वह विद्यालय समय के दौरान शेयर बाजार में ट्रेडिंग और खरीद-फरोख्त में व्यस्त रहते थे। इसके साथ ही बिना अनुमति स्कूल से अनुपस्थित रहने और निर्धारित समय से पहले विद्यालय छोड़ने की शिकायत भी जांच के दायरे में रही।
अभद्र व्यवहार से लेकर ब्लैकमेलिंग तक के आरोप
जांच में शिक्षक पर छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और साथी शिक्षकों के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप भी सामने आए। इसके अलावा शिक्षकों और सेवानिवृत्त शिक्षकों को आय से अधिक संपत्ति तथा शिकायतों का डर दिखाने, फर्जी शिकायतें करने, ब्लैकमेलिंग और रंगदारी मांगने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। विभागीय अभिलेखों और सूचनाओं के गलत इस्तेमाल तथा भ्रामक खबरें प्रकाशित कराने के आरोप भी जांच में शामिल रहे।
संग्रामपुर ब्लॉक से किया गया संबद्ध
निलंबन के बाद सहायक अध्यापक को विकासखंड संग्रामपुर से संबद्ध कर दिया गया है। बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारी संग्रामपुर को मामले की विस्तृत विभागीय जांच करने के निर्देश दिए हैं। जांच अधिकारी को संबंधित साक्ष्यों के साथ अपनी रिपोर्ट 15 दिन के भीतर प्रस्तुत करनी होगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)



















































