Amethi: अमेठी में नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध मौत मामले में बड़ी कार्रवाई, प्रिंसिपल और वार्डन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज

Amethi: मुंशीगंज स्थित इंदिरा गांधी स्कूल एंड नर्सिंग कॉलेज में शुक्रवार दोपहर जीएनएम तृतीय वर्ष की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने कॉलेज के प्रिंसिपल और छात्रावास की वार्डन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। छात्रा के परिजनों ने दोनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है।

मामले से जुड़ी पूरी जानकारी

सुल्तानपुर जिले के बल्दीराय क्षेत्र के सादुल्लापुर निवासी कुंवर बक्श यादव की पुत्री दीप्ति यादव इंदिरा गांधी स्कूल एंड नर्सिंग कॉलेज में जीएनएम तृतीय वर्ष की छात्रा थी। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे छात्रावास में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कॉलेज स्टाफ की ओर से परिजनों को बताया गया कि छात्रा ने कमरे के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर मुंशीगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

ALSO READ: Mathura: राया में खेत के पास मिला 30 वर्षीय युवक का शव, बाइक से गांव लौट रहा था मृतक

शाम को कॉलेज पहुंचे परिजनों ने स्टाफ से घटना की जानकारी ली। परिजनों का आरोप है कि उन्हें बताया गया कि छात्रा ने कमरे के अंदर फांसी लगाई थी और स्टाफ ने दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला। हालांकि, परिजनों के मुताबिक मौके पर पहुंचने पर कमरे के दरवाजे की कुंडी या ताला टूटा हुआ नहीं मिला। इसी आधार पर उन्होंने छात्रा की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. रमेश यस और वार्डन नेहा शुक्ला पर हत्या का आरोप लगाया। मृतका की मां सुनीता ने मुंशीगंज कोतवाली में दोनों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने छात्रावास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने और पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच करने की मांग की है। मुंशीगंज थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)