पुलिस चौकी के बाहर खूनी बवाल: ढाबे पर खाने को लेकर शुरू हुआ विवाद, पथराव-लाठीचार्ज में डॉक्टर समेत तीन घायल

फर्रुखाबाद। शहर के रेलवे रोड स्थित पुलिस चौकी के पास देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ढाबे पर खाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, पथराव और लाठी-डंडे चले, जिसमें एक चिकित्सक समेत तीन लोग घायल हो गए। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र निवासी एक चिकित्सक अपने एक साथी के साथ कादरीगेट थाना क्षेत्र के आईटीआई के पास स्थित एक ढाबे पर खाना खाने पहुंचे थे। उसी दौरान रेलवे रोड निवासी एक युवक भी वहां मौजूद था। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही गाली-गलौज में बदल गई।

बताया गया है कि विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष रेलवे रोड पुलिस चौकी के पास पहुंच गए। यहां रेलवे रोड निवासी युवक के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए, जिसके बाद दोनों ओर से जमकर मारपीट शुरू हो गई। करीब 15 मिनट तक चले बवाल में पथराव के साथ लाठी-डंडे भी चले। इस दौरान चिकित्सक की कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों ने खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्षों में तनाव बना रहा और गाली-गलौज जारी रही।

Also Read : गोरखपुर को स्पोर्ट्स हब बनाने में जुटी योगी सरकार, इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम से समृद्ध होगी गोरखपुर की उपलब्धियों की फेहरिस्त

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चिकित्सक, उनके साथी और दूसरे पक्ष के युवक को हिरासत में ले लिया। देर रात तीनों घायलों का मेडिकल कराया गया। चिकित्सक के सिर में गंभीर चोट बताई जा रही है, जबकि उनके शरीर पर अन्य चोटों के निशान भी मिले हैं। उनके साथी को भी कई चोटें आई हैं। वहीं दूसरे पक्ष का युवक भी घायल हुआ है।

शहर कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)