बाराबंकी में स्वाट, सर्विलांस और थाना कुर्सी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 15 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी समेत दो अंतरजनपदीय चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से पीली धातु का एक झाला और वारदात में इस्तेमाल की गई केटीएम ड्यूक बाइक बरामद की है।
31 जुलाई को महिला से की थी छिनैती
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों की पहचान लखनऊ के चिनहट निवासी शुभम शुक्ला और कुम्हारन टोला निवासी साहिल बाल्मीकी के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने 31 जुलाई को कुर्सी-लखनऊ मार्ग पर अनवारी गांव के पास बाइक सवार विवाहिता के कान से झाला छीनकर भागने की बात स्वीकार की।
सुनसान रास्तों पर बनाते थे महिलाओं को निशाना
जांच में सामने आया कि आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी लत पूरी करने के लिए चोरी व छिनैती की घटनाओं को अंजाम देते थे। दोनों केटीएम बाइक से सुनसान रास्तों, अंडरपास और सर्विस रोड के आसपास घूमकर रेकी करते थे। मौका मिलते ही राह चलती महिलाओं के कान से झाले और बालियां छीनकर फरार हो जाते थे।
शुभम पर घोषित था 15 हजार का इनाम
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने शुभम शुक्ला की गिरफ्तारी के लिए 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उसके खिलाफ कोतवाली नगर बाराबंकी में भी मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार शुभम पर बाराबंकी और लखनऊ के अलग-अलग थानों में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं।
Also Read: UP: पत्नी और परिजनों के सामने युवक ने नहर में लगाई छलांग, तलाश जारी
आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कुर्सी में दर्ज मुकदमे के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब उनके अन्य आपराधिक मामलों और पूर्व की वारदातों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर छिनैती की अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































