शादी समारोह में डीजे विवाद से बवाल: बरेली में लाठी-डंडों से युवती पर हमला, रिपोर्ट दर्ज

बरेली : शेरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया में शादी समारोह के दौरान डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है, जब एक परिवार में चचेरी बहन की शादी का कार्यक्रम चल रहा था और घर में खुशियों का माहौल था।

इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला अवनीश कुमार कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गया और जबरन डीजे बजाने की जिद करने लगा। परिजनों ने उसे शांत रहने और कार्यक्रम की व्यवस्था का हवाला देते हुए मना किया, लेकिन इस बात से अवनीश कुमार भड़क गया और गाली-गलौज शुरू कर दी।

Also Read: UP: कानपुर किडनी कांड में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी डॉ. रोहित गिरफ्तार, दिल्ली से संचालित कर रहा था नेटवर्क

बताया गया है कि जब परिवार के लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया तो आरोपी ने आपा खो दिया और वहां मौजूद युवती नीतू गंगवार के साथ लाठी-डंडों तथा लात-घूंसों से मारपीट कर दी। अचानक हुई इस घटना से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और परिजन किसी तरह बीच-बचाव कर युवती को बचा सके। आरोप है कि मारपीट के दौरान अवनीश कुमार ने युवती को जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना के बाद परिजन युवती को लेकर शेरगढ़ थाने पहुंचे, जहां पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। शेरगढ़ पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से शादी की खुशियों के बीच तनाव का माहौल बन गया और गांव में भी चर्चा का विषय बना हुआ है।