Etawah: लिफ्ट लेकर बाइक पर बैठा, ब्लेड से काटने लगा जेब, पकड़े जाने के डर से चलती बाइक से कूदा

Etawah: मानवता के नाते एक अनजान युवक को बाइक पर लिफ्ट देना नगला भगे निवासी महेश चंद्र को भारी पड़ गया। आरोप है कि बाइक पर पीछे बैठे युवक ने रास्ते में ब्लेड निकालकर उनकी जेब काटने का प्रयास किया। महेश चंद्र को भनक लगते ही उन्होंने बाइक रोक दी। खुद को घिरता देख आरोपी चलती बाइक से कूद गया और पीछे से आ रहे अपने साथी की बाइक पर बैठकर फरार हो गया।

जानिए क्या है पूरा मामला? 

बताया गया कि महेश चंद्र गुरुवार दोपहर सरसई नावर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में एक लाख रुपये जमा करने पहुंचे थे। बैंक में ऑडिट चलने के कारण रुपये जमा नहीं हो सके। इसके बाद वह पूरी रकम लेकर अपनी बाइक से ऊसराहार की ओर रवाना हो गए। चमरपुर गांव के पास एक युवक ने उन्हें रोककर एंबुलेंस तक पहुंचाने के लिए मदद मांगी। महेश चंद्र ने युवक को अपनी बाइक पर बैठा लिया। आरोप है कि ऊसराहार कस्बे से करीब 500 मीटर पहले बाइक पर पीछे बैठे युवक ने ब्लेड से उनकी जेब काटनी शुरू कर दी।

ALSO READ: Gonda: पुलिस मुठभेड़ में शातिर बदमाश के पैर में लगी गोली, चोरी के जेवरात-तमंचा व अपाचे बाइक बरामद

जेब कटने का अहसास होते ही महेश चंद्र सतर्क हो गए। उन्होंने बाइक रोककर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह चलती बाइक से कूद गया। इसी दौरान पीछे से आए साथी की बाइक पर बैठकर दोनों फरार हो गए। पीड़ित ने मुख्य तिराहे पर पुलिसकर्मियों को घटना की सूचना दी। पुलिस ने आरोपियों की तलाश की, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा। महेश चंद्र के अनुसार ब्लेड से जेब कटने के कारण करीब दस हजार रुपये के नोट भी क्षतिग्रस्त हो गए। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं है। मामले की जानकारी कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)