इटावा: तीखे सवालों से बचते नजर आए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद, विवादों पर चुप्पी साधी

इटावा: जसवंतनगर (इटावा) में गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर निकाली जा रही संकल्प यात्रा के दौरान जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की प्रस्तावित प्रेस वार्ता अचानक रद्द कर दी गई। कार्यक्रम में मौजूद पत्रकार उनसे हाल के विवादों और आरोपों से जुड़े सवाल पूछना चाहते थे, लेकिन प्रेस वार्ता शुरू होने से पहले ही इसे स्थगित कर दिया गया।

गौ-राष्ट्रमाता संकल्प यात्रा के तहत पहुंचे थे क्षेत्र में

गोरखपुर से शुरू हुई गौ-राष्ट्रमाता संकल्प यात्रा के क्रम में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद शुक्रवार रात मैनपुरी जिले के मीठेपुर स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में ठहरे थे। शनिवार सुबह आयोजित प्रेस वार्ता में इटावा, जसवंतनगर, मैनपुरी और आसपास के क्षेत्रों के कई पत्रकारों को आमंत्रित किया गया था।

Also Read: ’24 घंटे में साबित करें कि आप शंकराचार्य हैं…’ स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को माघ मेला प्रशासन का नोटिस

विवादों से जुड़े सवालों पर बदला माहौल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्रेस वार्ता शुरू होने से पहले उनकी मीडिया टीम ने पत्रकारों से संभावित प्रश्नों की जानकारी ली। इसी दौरान बटुकों के कथित यौन शोषण प्रकरण, हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास की ओर से भेजे गए पांच करोड़ रुपये के मानहानि नोटिस, शंकराचार्य पदवी को लेकर विवाद और उनके हालिया बयानों से जुड़े प्रश्न सामने आए। इसके बाद कार्यक्रम का माहौल बदल गया और प्रेस वार्ता रद्द कर दी गई।

वाहन तक पहुंचे पत्रकार, नहीं मिला जवाब

प्रेस वार्ता निरस्त होने के बाद भी कई पत्रकारों ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से सीधे जवाब लेने का प्रयास किया। वे उनके वाहन तक पहुंचे और सवाल पूछे, लेकिन उन्होंने किसी भी प्रश्न पर प्रतिक्रिया नहीं दी।

Also Read: ‘गंगा अब माई नहीं, कमाई हो गई…’, वाराणसी में इफ्तार पार्टी पर बोले स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद

बिना कुछ कहे आगे बढ़ा काफिला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पूरे समय वाहन के भीतर ही बैठे रहे। उन्होंने वाहन का शीशा ऊपर करवा लिया और मीडिया से बातचीत किए बिना अपने काफिले के साथ अगली मंजिल की ओर रवाना हो गए। इससे कार्यक्रम में मौजूद पत्रकारों और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)