जौनपुर: हाईवे पर रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां एक अनियंत्रित कार डिवाइडर को पार करते हुए दूसरी पटरी पर पहुंच गई और सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना अचानक हुआ कि बाइक सवारों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों समेत कार सवार दो लोग घायल हो गए।
मामला जलालपुर क्षेत्र के हौज टोल प्लाजा के पास सिरकोनी ब्लॉक मुख्यालय के सामने का है। बताया जा रहा है कि मड़ैया महरुपुर गांव निवासी अभिषेक कुमार सिंह अपने परिचित अमन सिंह पुत्र रमाकांत सिंह निवासी खालिसपुर त्रिलोचन के साथ बाइक से जौनपुर की तरफ से वाराणसी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वाराणसी से जौनपुर की तरफ जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और डिवाइडर को पार करते हुए दूसरी पटरी पर पहुंच गई। कार ने सामने से जा रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में बाइक सवार अभिषेक कुमार सिंह और अमन सिंह घायल हो गए, जबकि कार में सवार सूरज चौहान पुत्र सत्यनारायण निवासी हनुहाडीह, मुफ्तीगंज केराकत और राकेश को भी चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर पहुंचे समाजसेवी रतन सिंह परमार ने घायलों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर पहुंचाया।
फिलहाल हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। डिवाइडर पार कर दूसरी पटरी पर पहुंची कार ने आखिर कैसे बाइक को टक्कर मारी, इसे लेकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान नजर आए।



















































