UP: अवैध शराब पर आबकारी का शिकंजा, छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज

सुल्तानपुर: अवैध कच्ची शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने सोमवार को जिले में अभियान चलाकर कई स्थानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने बड़ी मात्रा में कच्ची शराब बरामद करने के साथ ही शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 850 किलोग्राम लहन नष्ट कराया। मामले में छह लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई के बाद अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा रहा।

आबकारी विभाग की टीम ने देहात कोतवाली क्षेत्र के कामनगढ़ तथा गोसाईगंज थाना क्षेत्र के टाटियानगर में दबिश दी। टीम के पहुंचते ही अवैध शराब बनाने वालों में अफरा-तफरी मच गई। जांच के दौरान अलग-अलग स्थानों से कुल 104 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। इसके अलावा शराब तैयार करने के लिए छिपाकर रखा गया करीब 850 किलो लहन भी टीम ने मौके पर नष्ट करा दिया।

ALSO READ: Mirzapur: आउटसोर्स कर्मियों के लिए बड़ा दिन, मुख्यमंत्री ने की उत्तरप्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम की शुरुआत

अधिकारियों के अनुसार अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में संदिग्ध स्थानों की निगरानी कर छापेमारी की जा रही है। कार्रवाई के दौरान सामने आए छह लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

आबकारी विभाग की टीम ने ग्रामीणों को भी अवैध शराब के सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया। लोगों से अपील की गई कि वे अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की जानकारी तत्काल संबंधित विभाग या पुलिस को दें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)