‘मैं माफी मांगता हूं…’, E20 पेट्रोल से माइलेज में कमी वाले दावे पर यूट्यूबर सौरव जोशी का यू-टर्न!

यूट्यूबर सौरव जोशी पिछले कुछ दिनों से अपनी नई कार या व्लॉग नहीं, बल्कि E20 पेट्रोल को लेकर दिए गए बयान की वजह से सुर्खियों में रहे। उन्होंने अपने एक व्लॉग में दावा किया था कि E20 पेट्रोल भरवाने के बाद उनकी Mercedes-Benz GLC 300 का माइलेज महज दो दिनों में 17 किलोमीटर प्रति लीटर से घटकर 5 किलोमीटर प्रति लीटर रह गया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और E20 पेट्रोल को लेकर बहस छिड़ गई।

वीडियो में जताई थी तकनीकी खराबी की आशंका

सौरव जोशी ने वीडियो में कार के इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर की स्क्रीन दिखाते हुए कहा कि पहले उनकी कार 17 किमी/लीटर का माइलेज दे रही थी, लेकिन E20 पेट्रोल भरवाने के बाद यह पहले 9 और फिर 5 किमी/लीटर तक पहुंच गया। उन्होंने आशंका जताई कि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल की वजह से उनकी लग्जरी कार में गंभीर तकनीकी खराबी आ सकती है। उनकी पत्नी अवंतिका भट्ट ने भी वीडियो में इस समस्या पर चिंता व्यक्त की थी।

Mercedes-Benz India ने दावे को किया खारिज

वीडियो वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने E20 पेट्रोल की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। मामला बढ़ने पर Mercedes-Benz India ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि भारत में बिकने वाली उसकी सभी BS6 पेट्रोल कारें E20 फ्यूल के साथ पूरी तरह अनुकूल हैं। कंपनी के मुताबिक, इन वाहनों की टेस्टिंग E20 पेट्रोल को ध्यान में रखकर की गई है, इसलिए ग्राहकों को किसी तरह की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

सर्विस सेंटर की जांच में सामने आई असली वजह

इसके बाद सौरव जोशी अपनी कार को Mercedes-Benz के सर्विस सेंटर लेकर पहुंचे, जहां तकनीकी जांच की गई। जांच में पता चला कि कार की माइलेज कम होने की वजह E20 पेट्रोल नहीं, बल्कि इंजन में आई एक तकनीकी खराबी थी। इससे स्पष्ट हो गया कि पेट्रोल की गुणवत्ता और माइलेज में आई गिरावट का सीधा संबंध नहीं था।

सौरव जोशी ने मांगी माफी, वीडियो से हटाया विवादित हिस्सा

जांच रिपोर्ट मिलने के बाद सौरव जोशी ने सार्वजनिक रूप से अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि E20 पेट्रोल को लेकर हुई गलतफहमी के लिए उन्हें खेद है और उनका उद्देश्य किसी भी प्रकार की गलत जानकारी फैलाना या लोगों को भ्रमित करना नहीं था। साथ ही उन्होंने बताया कि अपने व्लॉग से वह हिस्सा भी हटा दिया गया है, जिसमें E20 पेट्रोल पर सवाल उठाए गए थे।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)