कायमगंज, फर्रुखाबाद : दिनदहाड़े मारपीट और हिंसक घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव कुबेरपुर का है, जहां विवाहिता को मायके बुलाने पहुंचे मायके पक्ष के लोगों पर कथित रूप से ससुरालीजनों ने हमला बोल दिया। हमले में महिला और उसका दामाद गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव अमिलिया आशानंद निवासी धीरेंद्र कुमार ने अपनी गोद ली हुई पुत्री क्रांति का विवाह 30 नवंबर 2025 को कायमगंज क्षेत्र के गांव कुबेरपुर निवासी संजीत पुत्र सुग्रीव सिंह के साथ किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही विवाहिता को उसके मायके भेजने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बना हुआ था।
सोमवार को धीरेंद्र कुमार की पत्नी गुड्डी देवी अपने दामाद अजय कुमार निवासी मोहनपुर थाना कमालगंज के साथ क्रांति को मायके लाने के लिए उसके ससुराल कुबेरपुर पहुंचीं। परिजनों का आरोप है कि उनके पहुंचते ही ससुराल पक्ष के लोगों ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते कहासुनी ने विवाद का रूप ले लिया।
आरोप है कि बेटी को मायके भेजने की बात कहने पर ससुरालीजन भड़क उठे और उन्होंने गुड्डी देवी तथा अजय कुमार के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
Also Read: UP: लखनऊ में 15 वर्षीय दिव्यांग किशोरी से गैंगरेप, 24 घंटे में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पीड़ित पक्ष का कहना है कि हमलावरों के तेवर इतने आक्रामक थे कि दोनों को अपनी जान बचाकर वहां से भागना पड़ा। बाद में उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज भेजा, जहां उनका उपचार और चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।
घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पारिवारिक विवाद अब हिंसक रूप लेने लगे हैं, जिससे कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने ग्रामीणों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है और तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज होने की संभावना जताई जा रही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)












































