रायबरेली के पीआरडी जवानों को बड़ी सौगात, मानदेय बढ़कर हुआ 600 रुपये प्रतिदिन, कैशलेस इलाज की भी सुविधा

रायबरेली: प्रदेश के पीआरडी जवानों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बड़ी घोषणाएं कीं। गोरखपुर में आयोजित प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवानों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने जवानों का मानदेय 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन करने का एलान किया। इसके साथ ही पीआरडी जवानों और उनके परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने तथा लखनऊ के सरोजनीनगर में जवानों के लिए बैरक और आवासीय सुविधा विकसित करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का रायबरेली में भी सजीव प्रसारण कराया गया। एनआईसी सभागार में जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी सौरभ सिंह समेत सभी विकासखंडों के क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी और पीआरडी जवान मौजूद रहे। सभी ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना और घोषणाओं को देखा।

Also Read; UP: जल जीवन मिशन की निर्माणाधीन टंकी गिरने के मामले में दो इंजिनियर बर्खास्त, एक जेई सस्पेंड

जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी सौरभ सिंह ने कहा कि मानदेय बढ़ने से प्रदेश के हजारों पीआरडी जवानों को आर्थिक मजबूती मिलेगी। वहीं कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलने से जवानों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध होगी। लखनऊ के सरोजनीनगर में बैरक व आवासीय सुविधा विकसित होने से प्रशिक्षण के दौरान जवानों को ठहरने की सुविधा भी मिल सकेगी।

मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर पीआरडी जवानों में खुशी का माहौल रहा। जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी ने जवानों के हित में लिए गए निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। इस दौरान जनपद के सभी विकासखंडों के क्षेत्रीय अधिकारी और पीआरडी जवान उपस्थित रहे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)