जालौन के माधौगढ़ क्षेत्र के कुंवरपुर गांव निवासी 20 वर्षीय दीपेंद्र गौतम ने 21 जून को सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए अपने रिश्ते के टूटने का दर्द बयां किया। पोस्ट में उसने खुद को माफ करने की बात लिखी और जीवन से निराशा जाहिर की। इसके साथ ही उसने जहर (डाई) पीते हुए 27 सेकेंड का वीडियो फेसबुक और इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया।
शादी से इन्कार के बाद तनाव में था युवक
परिजनों और पुलिस के अनुसार, दीपेंद्र का एक युवती से प्रेम संबंध था। वह उससे विवाह करना चाहता था, लेकिन युवती ने साफ तौर पर शादी से इन्कार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद दीपेंद्र मानसिक तनाव में आ गया। पिछले कुछ दिनों से वह परिवार के लोगों से भी कम बातचीत कर रहा था।
मेटा के अलर्ट से सक्रिय हुई पुलिस
वीडियो अपलोड होते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की ओर से संबंधित खाते के आधार पर माधौगढ़ कोतवाली पुलिस को अलर्ट संदेश प्राप्त हुआ। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अभिलाष मिश्रा पुलिस टीम के साथ युवक के घर पहुंचे, जहां दीपेंद्र कमरे में अचेत अवस्था में मिला। पुलिस ने बिना देर किए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
समय पर उपचार से बची जान
डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया, जिससे युवक की हालत में सुधार हुआ और उसकी जान बच गई। सूचना मिलने पर उसके पिता वीरेंद्र गौतम भी अस्पताल पहुंचे। उपचार के बाद 22 जून को दीपेंद्र को स्वस्थ होने पर घर भेज दिया गया।
Also Read:अब Facebook, Instagram और WhatsApp चलाने के लिए देना होगा पैसा…Meta ने कर दिया बड़ा ऐलान!
काउंसलिंग के जरिए बढ़ाया मनोबल
पुलिस ने युवक और उसके परिजनों की काउंसलिंग कर उन्हें मानसिक रूप से मजबूत रहने की सलाह दी। अधिकारियों ने दीपेंद्र को अपने भविष्य और करियर पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया। बताया गया कि वह इंटरमीडिएट के बाद आईटीआई की पढ़ाई कर रहा है और जीवन में सफलता हासिल करने के लिए उसके सामने अभी कई अवसर मौजूद हैं।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)












































