रायबरेली: रायबरेली के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के टिकरान गांव में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने ही पिता की कथित तौर पर लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
पैसे मांगने पर बढ़ा विवाद
पुलिस के अनुसार, टिकरान गांव निवासी 56 वर्षीय देवता प्रसाद पासी का सोमवार सुबह करीब 10 बजे अपने बेटे दिलीप से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि दिलीप नशे का आदी है और घटना के समय भी वह नशे की हालत में था। पैसे नहीं मिलने पर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई।
लाठी-डंडों से हमला, मौके पर हुई मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान दिलीप ने आपा खो दिया और अपने पिता पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट लगने से देवता प्रसाद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
ग्रामीणों की सूचना पर लालगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
लालगंज कोतवाली प्रभारी प्रमोद सिंह ने बताया कि पिता की हत्या के मामले में आरोपी पुत्र दिलीप के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी घटना के बाद से फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

















































