UP: रायबरेली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तस्वीरों वाली कथित विवादित होर्डिंग्स लगाए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर सपा जिलाध्यक्ष इंजीनियर वीरेंद्र यादव के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
शहर के कई प्रमुख स्थानों पर लगाए गए पोस्टर
सपा नेताओं द्वारा दी गई तहरीर में कहा गया है कि रविवार देर रात अज्ञात लोगों ने सिविल लाइंस चौराहा पुलिस बूथ, सारस होटल चौराहा, जीजीआईसी गेट और बस स्टैंड रोड स्थित हीरो एजेंसी के निकट बड़े आकार की होर्डिंग्स लगाई थीं। पार्टी का आरोप है कि इन पोस्टरों में आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की गई।
Also Read:‘लाल टोपी, साइकिल निशान यादववाद इनकी पहचान…’, रायबरेली में पोस्टर वॉर
‘सुनियोजित साजिश का हिस्सा है पूरा मामला’
जिलाध्यक्ष ई. वीरेंद्र यादव ने कहा कि होर्डिंग्स काफी ऊंचाई पर और व्यवस्थित तरीके से लगाई गई थीं, जिससे यह किसी सामान्य व्यक्ति का काम नहीं लगता। उन्होंने दावा किया कि पोस्टरों पर न तो किसी प्रिंटिंग प्रेस का नाम अंकित है और न ही नगर पालिका से इसकी अनुमति ली गई थी। सपा नेताओं ने सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान करने की मांग की है।
भाजपा पर लगाए राजनीतिक प्रतिशोध के आरोप
मीडिया से बातचीत के दौरान सपा जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अयोध्या राम मंदिर में कथित चंदा अनियमितता का मुद्दा अखिलेश यादव द्वारा उठाए जाने के बाद भाजपा नेताओं में बेचैनी है और इसी के चलते ऐसी हरकतें कराई जा रही हैं।
Also Read:अखिलेश का ‘ल्यारी राज’ या ‘धुरंधर CM योगी’… UP में भाजपा-सपा में छिड़ी पोस्टर वॉर
सरकार की नीतियों पर भी साधा निशाना
सपा विधायक श्याम सुंदर भारती ने कहा कि प्रदेश सरकार महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर विफल साबित हुई है। उनका आरोप था कि जनता का ध्यान वास्तविक समस्याओं से हटाने के लिए विपक्ष के नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। वहीं विधायक राहुल लोधी ने कहा कि प्रदेश की जनता का भरोसा सरकार से लगातार कम हो रहा है और लोग बदलाव की ओर देख रहे हैं।
कई पदाधिकारी रहे मौजूद
पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में पूर्व प्रत्याशी आरपी यादव, चौधरी सुरेश निर्मल, प्रदेश सचिव डॉ. शशिकांत शर्मा, महासचिव मोहम्मद अरशद खान, ओपी यादव, शुभम लोहिया, श्रवण आजाद, सौरभ सिंह, दिनेश पिंटू समेत बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































