बरेली में तंत्र-मंत्र या बड़ी साजिश? 57 साल पुराने मंदिर में तांडव, श्मशान से अस्थियां चोरी कर दरवाजों पर फेंकी!

बरेली के शाही थाना क्षेत्र के बीथम नौगवां गांव में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 57 साल पुराने शिव मंदिर में स्थापित मूर्तियां अपने स्थान से हटाकर बाहर रखी मिलीं। सुबह मंदिर के पुजारी लालाराम सफाई करने पहुंचे तो उन्होंने यह दृश्य देखा। जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए और घटना को लेकर नाराजगी जताई।

अंत्येष्टि के बाद अस्थियां नहीं मिलीं

इसी बीच गांव में तीन दिन पहले हुई एक महिला की अंत्येष्टि से जुड़ा मामला भी सामने आया। सड़क हादसे में शांति देवी की मौत के बाद परिजनों ने श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया था। सोमवार को जब परिवार के लोग अस्थियां एकत्र करने पहुंचे तो वहां अस्थियां नहीं मिलीं। बाद में कुछ ग्रामीणों के घरों के बाहर और एक ई-रिक्शा में अस्थियां मिलने की बात कही गई।

Also Read: ‘तुम्हारे तंत्र-मंत्र से मरे मेरे पिता…’, रायबरेली में तांत्रिक शक में बुजुर्ग का कत्ल, कुल्हाड़ी के साथ आरोपी गिरफ्तार

ग्रामीणों ने पुलिस से की शिकायत

मामले की सूचना मिलने पर हल्का दरोगा मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने घटना को आगे न बढ़ाने की बात कही। इसके बाद थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह को जानकारी दी गई। थाना प्रभारी के पहुंचने पर धर्मपाल, पुजारी लालाराम, भूपराम और अमित कुमार सहित ग्रामीणों ने हस्ताक्षरयुक्त शिकायत सौंपकर मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

गांव में तनाव की स्थिति बनी

मंदिर में मूर्तियां हटाए जाने और अस्थियों के कथित रूप से इधर-उधर मिलने की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने और जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान करने की मांग की। घटना को लेकर गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल भी बना रहा।

Also Read: UP: चौथी सोमवारी पर बाबा विश्वनाथ के दर्शन को उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव से गूंजा मुगलसराय

पुलिस ने कहा- मूर्तियां वापस रखवा दी गईं

सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि सुबह किसी व्यक्ति ने मंदिर की मूर्तियों को उनके स्थान से हटाकर दूसरी जगह रख दिया था। पुलिस के अनुसार मूर्तियों को दोबारा यथास्थान रखवा दिया गया है। अस्थियों के पड़े होने की घटना दो दिन पुरानी बताई गई है। अधिकारी ने कहा कि फिलहाल गांव में विवाद की स्थिति नहीं है और अज्ञात आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)