सहारनपुर: जनपद सहारनपुर के नवागत मुख्य विकास अधिकारी (CDO) डॉ. सुनील कुमार वर्मा ने विकास भवन पहुंचकर विधिवत अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने विकास भवन स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का निरीक्षण किया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचयात्मक संवाद करते हुए जिले में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली।
डॉ. सुनील कुमार वर्मा वर्ष 2022 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। इससे पूर्व वह अपर आयुक्त, राज्य कर, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पद पर तैनात रहे हैं। सहारनपुर में कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में तेजी, पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं।नवागत CDO ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना उनकी प्रमुख प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने मनरेगा, ग्रामीण आवास, पेयजल और स्वच्छता सहित विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विकास भवन आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुना जाएगा। जनसुनवाई और जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा निर्धारित समयसीमा में शिकायतों का समाधान कर लोगों को राहत पहुंचाने पर जोर रहेगा।
डॉ. वर्मा ने जिले में चल रही निर्माण एवं विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए विभागाध्यक्षों को आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सहारनपुर में विकास की अपार संभावनाएं हैं और सभी विभागों के बेहतर समन्वय तथा जनसहयोग से जिले के सर्वांगीण विकास को गति दी जाएगी।



















































