सहारनपुर: फर्जी नंबर प्लेट से घूम रहे थे बदमाश, तमंचा-कारतूस संग दो गिरफ्तार

सहारनपुर: अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के तहत थाना रामपुर मनिहारान पुलिस ने दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल, फर्जी नंबर प्लेट, 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक नाजायज चाकू बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में चोरी, लूट, छिनैती और नकबजनी जैसी आपराधिक घटनाओं की रोकथाम तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार चेकिंग और गश्त की जा रही है। इसी क्रम में रामपुर मनिहारान पुलिस ताज नर्सरी के सामने टिपरा रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे दो युवकों को पुलिस ने रोककर पूछताछ की।

Also Read: हाथरस में थार सवार बदमाशों की ताबड़तोड़ फायरिंग, बाल-बाल बचे दो युवक, 4 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने दोनों की पहचान सागर पुत्र रघुवीरा निवासी अमौली और विवेक पुत्र सोनू कुमार निवासी टिपरा, थाना रामपुर मनिहारान, सहारनपुर के रूप में की। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक फर्जी नंबर प्लेट, 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और नाजायज चाकू बरामद हुआ।पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना रामपुर मनिहारान में मु0अ0सं0 293/26, धारा 336(2)/317(5) बीएनएस एवं 3/25, 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस द्वारा दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ललित कुमार सहित आरक्षी दलवीर सिंह, विशाल सिंह और बोबी सागर शामिल रहे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)