5,000 करोड़ के ग्लोबल ड्रग नेटवर्क का मास्टरमाइंड सलीम डोला लाया गया भारत, दाऊद इब्राहिम से है कनेक्शन!

अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबी सहयोगी और कथित तौर पर 5,000 करोड़ रुपये के अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क के मास्टरमाइंड सलीम इस्माइल डोला को तुर्की में गिरफ्तार किए जाने के बाद भारत वापस लाया गया है। इस्तांबुल में पकड़े जाने के बाद उसे भारत प्रत्यर्पित किया गया।तुर्की और यूएई के अधिकारियों के बीच कूटनीतिक समन्वय के चलते डोला को मंगलवार सुबह मुंबई लाया गया। इसके बाद खुफिया और नारकोटिक्स विभाग की एक संयुक्त टीम ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया।

ड्रग नेटवर्क का अहम खिलाड़ी

जांच एजेंसियों के अनुसार डोला लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय सिंथेटिक ड्रग्स नेटवर्क का संचालन कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह विदेश में बैठकर ‘डी-कंपनी’ के ड्रग कारोबार का बड़ा हिस्सा संभालता था। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन जैसी एजेंसियां उससे पूछताछ कर इस पूरे नेटवर्क की परतें खोलने की कोशिश कर रही हैं।

5000 करोड़ के कथित कार्टेल पर शिकंजा

डोला पर आरोप है कि वह हर साल हजारों करोड़ रुपये के ड्रग कारोबार से जुड़ा हुआ था। यह नेटवर्क कई देशों में फैला हुआ बताया जाता है और इसकी कुल कमाई का सही आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है। एजेंसियों का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट को बड़ा झटका लगेगा।

डिपोर्टेशन को बड़ी उपलब्धि

भारत लाया जाना केवल एक गिरफ्तारी नहीं बल्कि एक बड़ी रणनीतिक सफलता के रूप में देखा जा रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक, इससे अंडरवर्ल्ड के ड्रग नेटवर्क की कमर टूट सकती है। डोला के जरिए उन कड़ियों तक पहुंचने की उम्मीद है जो लंबे समय से जांच एजेंसियों की पकड़ से बाहर थीं।

पहले भी जुड़े रहे हैं अहम ऑपरेशन

इस कार्रवाई की नींव पहले ही रखी जा चुकी थी। जून 2025 में यूएई से उसके बेटे ताहिर डोला का प्रत्यर्पण हुआ था। इसके बाद उसके नेटवर्क से जुड़े सलीम मोहम्मद सोहेल शेख को भी दुबई से भारत लाकर गिरफ्तार किया गया। इन लगातार कार्रवाइयों से साफ है कि एजेंसियां इस पूरे आपराधिक नेटवर्क को खत्म करने के लिए व्यवस्थित तरीके से काम कर रही हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)