UP: चंदौली के पीडीडीयू नगर स्थित नई दांडी में सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान जान गंवाने वाले बलदेव यादव उर्फ झिंगुरी के घर सोमवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और कहा कि कांग्रेस इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। अजय राय ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को जवाबदेह बनाया जाना चाहिए।
प्रशासनिक लापरवाही का लगाया आरोप
अजय राय ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद प्रशासन ने पूरे मामले को गंभीरता से लेने के बजाय उसे दबाने की कोशिश की। उनका कहना था कि मृतक के परिजनों को समय पर सही जानकारी तक नहीं दी गई। उन्होंने बताया कि बलदेव यादव पिछले करीब तीन वर्षों से सड़क निर्माण से जुड़ी कंपनी में कार्यरत थे और माता काली मंदिर के शिखर को हटाने के दौरान हुई दुर्घटना में उनकी मौत हो गई। उन्होंने इसे सुरक्षा प्रबंधन की बड़ी चूक बताया।
एक करोड़ मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार से मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने और घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों व संबंधित लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि केवल मुआवजा ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई भी जरूरी है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
अजय राय ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया गया होता, पर्याप्त बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा इंतजाम किए गए होते, तो इस हादसे को रोका जा सकता था। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण एक मेहनतकश व्यक्ति की जान चली गई, जिसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि कांग्रेस का एक हाई पावर डेलिगेशन पूरे मामले की जांच कर रहा है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की मांग करेगा।
कांग्रेस नेताओं की रही मौजूदगी
पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी, शहर अध्यक्ष बृजेश गुप्ता, धर्मेंद्र तिवारी, आनंद शुक्ला, डॉ. सुल्तान खान, माधवेंद्र मूर्ति ओझा, दिनेश चंद्र, असद इकबाल, राज किशोर सिंह, राकेश पाठक, रामानंद यादव समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। अजय राय ने कहा कि न्याय मिलने तक कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी रहेगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































