UP: एथेनॉल मिश्रण और किसानों की समस्याओं को लेकर अपना दल का प्रदर्शन, राज्यपाल ने नाम सौपा ज्ञापन

UP: मिर्जापुर में अपना दल (कमेरावादी) ने मंगलवार को प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया। प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद राज्यपाल के नाम संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपकर किसानों, आम जनता और स्थानीय विकास से जुड़े मुद्दों के समाधान की मांग उठाई।

खाद, बिजली और फार्मर रजिस्ट्री को लेकर सरकार पर निशाना

धरने को संबोधित करते हुए पार्टी के किसान मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष रमाशंकर पटेल ने कहा कि किसान आज भी खाद, सिंचाई और बिजली जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया किसानों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। पार्टी ने मांग की कि प्रत्येक गांव में शिविर लगाकर फार्मर रजिस्ट्री कराई जाए और खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त कार्रवाई की जाए।

एथेनॉल मिश्रण और उर्वरक संकट का मुद्दा उठाया

प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने डीजल और पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण की नीति पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि इससे वाहन चालकों और आम उपभोक्ताओं को विभिन्न प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने और जमाखोरी पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।

स्थानीय समस्याओं और रोजगार की मांग

धरने में मझवां विकासखंड के जमुआं बाजार में जलभराव, कछवां से मिर्जापुर मुख्यालय तक सरकारी बस सेवा शुरू करने तथा मड़िहान क्षेत्र में प्रस्तावित थर्मल पावर परियोजना से संभावित पर्यावरणीय और सिंचाई संबंधी प्रभावों का मुद्दा भी उठाया गया। पार्टी नेताओं ने आशंका जताई कि लोवर खजुरी डैम से पानी उठाने की योजना से किसानों की सिंचाई प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा परियोजना में स्थानीय युवाओं को 70 प्रतिशत स्थायी रोजगार देने की मांग की गई।

ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग

धरना समाप्त होने के बाद पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को पांच सूत्रीय मांगपत्र सौंपते हुए सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। प्रदर्शन में रमाशंकर पटेल, सुरेश पटेल, सुरजीत पटेल, गिरजा शंकर, राधारमण सिंह, संतोष पटेल समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)