लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश संजय उर्फ संजीव के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई इंदिरा कैनाल रोड पर हुई, जहां आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद STF ने घेराबंदी की। मुठभेड़ के दौरान संजय गोली लगने से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड के बाद था फरार
पुलिस के मुताबिक, संजय उर्फ संजीव अंबेडकरनगर जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र के चक कोदार गांव का निवासी था। वह 27 मई को लखनऊ के पीजीआई इलाके में दिनदहाड़े हुए प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी था। इस वारदात के बाद से वह फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
Also Read: ‘चढ़ावा, चोरी, SIT, FIR से चंपत राय के इस्तीफे तक…’, अयोध्या केस की पूरी क्रोनोलॉजी
सूचना मिलते ही STF ने की घेराबंदी
करीब एक महीने से फरार चल रहे आरोपी की तलाश में कई पुलिस टीमें जुटी थीं। STF को शुक्रवार को सूचना मिली कि संजय इंदिरा कैनाल रोड पर मौजूद है। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि इस दौरान आरोपी ने मुकाबला किया, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में वह घायल हो गया।
अस्पताल में हुई मौत, कई जिलों में दर्ज थे गंभीर मुकदमे
घायल संजय को तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, संजय के खिलाफ अंबेडकरनगर, अयोध्या और बस्ती समेत कई जिलों में हत्या और अन्य गंभीर अपराधों के मामले दर्ज थे। वह लंबे समय से कानून प्रवर्तन एजेंसियों की निगरानी में था।
Also Read: करोड़ों की पैतृक जमीन का खेल! तहसीलदार, पटवारी और पिता-पुत्र पर एफआईआर
गैंग नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संजय कुख्यात अपराधी दिलीप वर्मा और खान मुबारक गैंग के सदस्यों के संपर्क में था तथा उनके साथ मिलकर कई संगीन वारदातों को अंजाम दे चुका था। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क की पड़ताल कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि उसके सहयोगी किन-किन मामलों में वांछित हैं तथा उनके खिलाफ आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)













































