UP: बरेली में रक्षाबंधन की रात भाजपा नेता की चाकुओं से गोदकर हत्या, रुपये के लेनदेन को लेकर हुआ था विवाद

UP: बरेली में रक्षाबंधन की रात सुभाषनगर थाना क्षेत्र में रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मढ़ीनाथ स्थित मांझे वाली बगिया में भाजपा नेता सचिन कश्यप की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। वह भाजपा मढ़ीनाथ मंडल के ओबीसी मोर्चा के उपाध्यक्ष बताए जा रहे हैं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक सचिन कश्यप का कुछ लोगों से रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। करीब एक माह पहले भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई थी। उस समय लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था। शुक्रवार रात रक्षाबंधन के मौके पर सचिन का आरोपियों से फिर सामना हो गया। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया।

Also Read: रायबरेली में चार दिन से लापता 55 वर्षीय व्यक्ति का तालाब में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

आरोप है कि विवाद के बीच हमलावरों ने सचिन को घेर लिया और चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सचिन को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

सीओ सेकेंड नितिन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। शिकायत के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है.)