बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 20 जुलाई 2026 को रामनगर तहसील स्थित प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेवा धाम पहुंचने का प्रस्ताव है। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे के दौरान महादेवा कॉरिडोर परियोजना के शिलान्यास की भी तैयारी की जा रही है। इसे लेकर जिला प्रशासन ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है और शासन स्तर पर भी कार्यक्रम को लेकर लगातार समन्वय किया जा रहा है।
डीएम-एसपी ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लोधेश्वर महादेवा धाम का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट, पार्किंग, बैरिकेडिंग, यातायात संचालन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को तय समय के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
सौंदर्यीकरण से लेकर सुरक्षा तक पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, रंग-रोगन, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग, नगर पंचायत, स्वास्थ्य, विद्युत और अन्य विभागों की टीमें मौके पर लगातार कार्य कर रही हैं। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और विशेष ट्रैफिक प्लान भी तैयार किया गया है।
भाजपा संगठन भी तैयारियों में जुटा
प्रशासनिक तैयारियों के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी संगठन भी मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सक्रिय हो गया है। महादेवा धाम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक प्रस्तावित है, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, स्वागत व्यवस्था और संगठनात्मक जिम्मेदारियों पर चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं।
Also Read: ‘हमे जिन्ना नहीं, गन्ना चाहिए…’, बिजनौर में गरजे CM योगी
कॉरिडोर परियोजना से विकास की उम्मीद
स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। लोगों का मानना है कि महादेवा कॉरिडोर बनने से लोधेश्वर महादेवा धाम की धार्मिक पहचान और पर्यटन संभावनाओं को नई मजबूती मिलेगी, जिससे क्षेत्र के आर्थिक और आधारभूत विकास को भी गति मिलेगी। हालांकि मुख्यमंत्री के विस्तृत कार्यक्रम और समय-सारिणी की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन ने तैयारियों को लगभग पूरा कर लिया है।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































