UP: अवैध कच्ची शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई, 35 लीटर शराब बरामद

UP: सुल्तानपुर में आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान के तहत मंगलवार को आबकारी विभाग ने मोतिगरपुर और कादीपुर क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। जिलाधिकारी एवं उप आबकारी आयुक्त, अयोध्या प्रभार के निर्देश तथा जिला आबकारी अधिकारी के पर्यवेक्षण में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 कादीपुर गिरिराज सिंह के नेतृत्व में टीम ने संदिग्ध गांवों में दबिश दी।

टीम ने थाना मोतिगरपुर एवं कादीपुर क्षेत्र के महमूदपुर जंगल, सराय रानीपुर और कादीपुर खुर्द में छापेमारी कर 35 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। मौके से करीब 100 किलोग्राम लहन भी बरामद हुआ, जिसे टीम ने तत्काल नष्ट करा दिया। कार्रवाई के दौरान आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में तीन अभियोग पंजीकृत किए गए।

Also Read; सुल्तानपुर: अवैध कच्ची शराब के खिलाफ पुलिस का अभियान, दो कुंतल लहन नष्ट

अभियान के दौरान क्षेत्र में संचालित ईंट-भट्ठों और कबाड़ की दुकानों की भी सघन जांच की गई। आबकारी अधिकारियों ने ईंट-भट्ठा संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि उनके प्रतिष्ठानों पर किसी भी प्रकार की अवैध शराब का निर्माण या बिक्री पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

टीम ने ग्रामीणों से अवैध शराब का सेवन न करने की अपील करते हुए कहा कि जहरीली अथवा अवैध शराब जानलेवा साबित हो सकती है। इसके साथ ही क्षेत्र में संचालित आबकारी दुकानों की भी जांच की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्रवाई में आबकारी सिपाही कुलदीप, विकास, वाहन चालक शान समेत पुलिस एवं आबकारी विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)