UP: ‘दवा खिलाते ही नाक से निकलने लगा झाग, अमेठी में 7 साल की मासूम की दर्दनाक मौत से हड़कंप

अमेठी: कमरौली नरहरगढ़ मठ मजरा ऊंचगांव निवासी करिश्मा की सात वर्षीय बेटी सौम्यी की शुक्रवार को दवा देने के कुछ देर बाद अचानक हालत बिगड़ने से मौत हो गई। बच्ची की मौत के बाद मां ने कठौरा स्थित हमजा मेडिकल स्टोर पर बैठे डॉ. जावेद पर गलत दवा देने और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कमरौली थाने में तहरीर दी है।

मामले को स्वास्थ्य विभाग ने संज्ञान में लेते हुए जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की है। करिश्मा के मुताबिक, शुक्रवार सुबह बेटी सौम्यी को बुखार था। वह बच्ची को लेकर कठौरा स्थित हमजा मेडिकल स्टोर पहुंचीं, जहां डॉ. जावेद से दवा ली। सुबह करीब आठ बजे वह बच्ची को लेकर घर लौट आईं। करीब 10 बजे दवा देने के कुछ देर बाद सौम्यी की हालत अचानक बिगड़ गई। आरोप है कि बच्ची के नाक से झाग आने लगा। हालत गंभीर देख परिजन उसे तत्काल डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे।

ALSO READ: Banda: 1.38 लाख रुपये में महिला को बेचने और जबरन शादी कराने का आरोप, कथित मध्यस्थ गिरफ्तार

मां का आरोप है कि डॉक्टर ने बच्ची को सूर्या अस्पताल ले जाकर भर्ती कराने की सलाह दी। परिजन बच्ची को अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे, तभी कुछ मिनट बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

बच्ची की मौत के बाद मां ने कमरौली थाने में तहरीर देकर डॉक्टर पर गलत दवा देने और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने मामले की जांच कर मुकदमा दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की है।

Also Read: डीएम ने गर्मी को देखते हुए 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का आदेश, स्मार्ट मीटर और बिजली व्यवस्था पर अहम फैसले

तीन सदस्यीय टीम करेगी जांच

सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है। टीम की जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)