मुरादाबाद: चंद घंटे की बारिश ने नगर निगम की तैयारियों की पोल खोलकर रख दी. करूला क्षेत्र के जाहिद नगर, गली नंबर-9 में बारिश के बाद सड़कें पूरी तरह जलमग्न हो गईं. हालात ऐसे बन गए कि गलियां तालाब में तब्दील नजर आने लगीं और लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में यही समस्या सामने आती है. उन्होंने क्षेत्रीय पार्षद अफसर अली पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद आज तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया.
जलभराव के कारण बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है. लंबे समय तक गंदा पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने लगा है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है.
स्थानीय निवासियों ने नगर निगम और जिला प्रशासन से तत्काल जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो बरसात के दौरान लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं.



















































