UP: बकरीद के मद्देनजर उत्तर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन ने राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। संभल से लेकर चंदौली और अयोध्या से लेकर मुजफ्फरनगर तक संवेदनशील इलाकों में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए विशेष सुरक्षा प्लान लागू किया गया है। सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी और सड़कों पर नमाज पर पूरी तरह रोक लगाई गई है। वहीं ड्रोन, सीसीटीवी कैमरे और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
संभल, मेरठ और सहारनपुर में सख्त निगरानी
संभल जिले को प्रशासन ने पांच जोन और 18 सेक्टर में विभाजित कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। यहां आरआरएफ, पीएसी और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। 250 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के जरिए कंट्रोल सेंटर से निगरानी होगी, जबकि संवेदनशील इलाकों में रूफटॉप ड्यूटी भी लगाई गई है। दूसरी ओर मेरठ और सहारनपुर में पुलिस ने भीड़भाड़ वाले बाजारों और प्रमुख स्थानों पर पैदल मार्च कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने साफ किया कि अफवाह फैलाने वालों और माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: ‘सड़क पर नहीं…’, बकरीद पर नमाज को लेकर CM सीएम योगी का अधिकारियों को सख्त आदेश
चंदौली और मुजफ्फरनगर में विशेष सुरक्षा प्लान
पूर्वांचल के चंदौली जिले में भी प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सभी थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें पूरी कर ली गई हैं और ईदगाहों-मस्जिदों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। वहीं मुजफ्फरनगर में जोनल और सेक्टर व्यवस्था लागू करते हुए करीब डेढ़ हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। बुढ़ाना और खतौली जैसे संवेदनशील इलाकों में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी ताकि नियमों का सख्ती से पालन हो सके।
अयोध्या और आजमगढ़ में प्रशासन सतर्क
रामनगरी अयोध्या में प्रशासन ने साफ किया है कि नमाज केवल निर्धारित ईदगाहों और मस्जिदों में तय समय पर ही अदा की जाएगी। अयोध्या रेंज के सभी जिलों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है। उधर आजमगढ़ में प्रशासन ने सामूहिक कुर्बानी और नमाज स्थलों का निरीक्षण कर साफ-सफाई और सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि त्योहार को पारंपरिक और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
राजधानी लखनऊ में भी प्रशासन अलर्ट
राजधानी लखनऊ में भी बकरीद को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। ईदगाह में सुबह 10 बजे नमाज अदा की जाएगी और सड़कों पर नमाज की अनुमति नहीं होगी। धर्मगुरुओं ने लोगों से केवल वैध और प्रतिबंध मुक्त जानवरों की कुर्बानी करने की अपील की है। साथ ही पहले से निर्धारित स्थानों पर ही साफ-सफाई के साथ कुर्बानी करने को कहा गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी तरह की अफवाह, विवाद या सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।














































