UP: हाथरस में श्री दाऊजी महाराज के 115वें मेले को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। मेले में इस बार भी अखिल भारतीय कुश्ती दंगल-2026 का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से पुरुष और महिला पहलवान हिस्सा लेंगे।
दंगल संयोजक विपुल गौड़ और दंगल कमेटी के विशेष प्रयासों से पहली बार हाथरस दाऊजी महाराज मेले में डब्ल्यूएफआई के नियमों के अनुसार कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। आयोजन में रेफरी सहित 100 से अधिक पुरुष और महिला पहलवानों के शामिल होने की संभावना है।
पुरुष पहलवानों के मुकाबले 57 से 65 किलो, 65 से 85 किलो और 85 किलो से अधिक वजन वर्ग में होंगे। वहीं महिला पहलवानों के लिए 55 से 60 और 65 से 70 किलो वजन वर्ग निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक वर्ग में गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल के साथ विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
Also Read: UP: छात्राओं को CM Yogi की सौगात, स्कूटी वितरण की तैयारियां तेज, अफसरों को निर्देश जारी
आयोजकों का कहना है कि इस प्रतियोगिता से स्थानीय अखाड़ों के पहलवानों को कुश्ती संघ के नियमों की जानकारी मिलेगी और उनके खेल करियर में नए अवसर खुलेंगे। इसके साथ ही 18 से 22 सितंबर तक परंपरागत अखिल भारतीय दंगल का भी आयोजन होगा, जिसमें देश-विदेश के नामचीन पहलवान अपने दांव-पेंच दिखाएंगे।
दंगल में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद और कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के शामिल होने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य, सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय सहित जिले के जनप्रतिनिधि और अन्य विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे।
वहीं शोभायात्रा सुबह 8 बजे अटलटाल बगीची से शुरू होकर गौशाला रोड, मिठाई चौराहा, सरकुलर रोड, कमला बाजार, बागमूला चौराहा, गुड़िहाई बाजार, देवेन्द्र सराफा चौराहा, पत्थर वाला बाजार, नया गंज और जामा मस्जिद चौराहा होते हुए दाऊजी मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद शोभायात्रा दंगल अखाड़े पर संपन्न होगी।



















































