मीरजापुर : लालगंज थाना क्षेत्र के बरौंधा चौकी अंतर्गत बरौधा बाजार में सोमवार – मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने आभूषण व बर्तन की दुकान में लगे शटर व चैनल का ताला तोड़कर लाखों रुपए के सोने चांदी के आभूषण को पार कर दिया. इतना ही नहीं चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का तार काटकर डीवीआर भी साथ में उठा ले गए.
घटना की सूचना मिलते ही मंगलवार सुबह पुलिस क्षेत्राधिकारी अमर बहादुर, प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय, चौकी प्रभारी नरेंद्र कुमार यादव मय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल करने में जुट गए. चोरी की घटना सुनते ही बाजार वासियों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई.
बताया गया कि बरौधा बाजार निवासी लालचंद सोनी के पुत्र पंकज सोनी की आभूषण एवं बर्तन की दुकान के शटर और चैनल का ताला तोड़कर सीसीटीवी कैमरे के कनेक्शन को काटकर डीवीआर निकाल लिया. चोर दुकान के पीछे की ओर टूटी आलमारी और गहनों के खाली डिब्बे भी छोड़ कर चले गए. घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंच कर जांच पड़ताल में जुट गई. चोरी की घटना से क्षेत्र के दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है.
पीड़ित लालचंद सोनी ने थाने में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है. प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय का कहना है की जांच पड़ताल की जा रही है जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा.















































