जौनपुर: जौनपुर में दबंगई का ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर हर कोई हैरान है, दुकान पर बैठे दुकानदार को कथित तौर पर पहले पिस्टल की नोक पर धमकाया गया और फिर उसके साथ जमकर मारपीट की गई। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में कुछ युवक खुलेआम दबंगई करते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे एक युवक की पहचान अजीत यादव के रूप में बताई जा रही है, जो सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मल्हनी बाजार उत्तर पट्टी का निवासी बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
लेकिन वायरल वीडियो में जिस तरह युवक कथित तौर पर दुकानदार के साथ मारपीट करते और हथियार दिखाते नजर आ रहे हैं, उससे कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। क्या इन दबंगों के बीच पुलिस का खौफ खत्म हो गया है? आखिर दुकानदार के साथ मारपीट की वजह क्या थी? क्या इस पूरी घटना के पीछे कोई पुराना विवाद है?
अब इन तमाम सवालों का जवाब पुलिस की जांच और कार्रवाई के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल वायरल वीडियो ने इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।



















































