आजमगढ़ में दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत, टक्कर के बाद धू-धूकर जलने लगी बाइक, एक घायल

आजमगढ़: बिलरियागंज थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव के पास शुक्रवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एक बाइक में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में बाइक धू-धूकर जलने लगी। हादसे में एक बाइक चालक घायल हो गया, जबकि बाइक में आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया।

घायल की पहचान सतिराम (65) पुत्र दशई, निवासी देउवापार, थाना जीयनपुर के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अकबरपुर गांव के पास दोनों बाइकें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर के बाद एक बाइक में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते बाइक आग की लपटों में घिर गई।

Also Read: लखनऊ: STF एनकाउंटर में 1 लाख का इनामी बदमाश ढेर, प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड का मुख्य आरोपी था संजय

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर तत्काल मौके पर पहुंचे। लोगों ने घायल सतिराम को संभाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था की। घटना की सूचना बिलरियागंज पुलिस को भी दी गई।

बाइक में आग लगने की वजह से कुछ समय के लिए घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों बाइकों के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में लगी है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)