‘8 सेकेंड, 5 थप्पड़…’, वाराणसी थाने का VIDEO वायरल, महिला दारोगा विवादों में

UP: वाराणसी के चौबेपुर थाने में एक महिला फरियादी के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। वायरल वीडियो में एक महिला उपनिरीक्षक थाने के भीतर महिला फरियादी को थप्पड़ मारती दिखाई दे रही हैं। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, चौबेपुर थाना क्षेत्र निवासी गीता देवी अपने एक मामले की शिकायत लेकर थाने पहुंची थीं। बताया जा रहा है कि मामले को लेकर उनकी महिला उपनिरीक्षक रोशनी से बातचीत के दौरान कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर स्थिति हाथापाई तक पहुंच गई। आरोप है कि महिला उपनिरीक्षक ने गीता देवी को लगातार कई थप्पड़ मार दिए।

Also Read:UP: बहराइच में मगरमच्छ के हमले में 12 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत, वीडियो में हमला करते दिखा मगरमच्छ

घटना के दौरान थाने में मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में महिला उपनिरीक्षक और फरियादी के बीच विवाद तथा अन्य पुलिसकर्मियों को बीच-बचाव करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

बताया जा रहा है कि गीता देवी पिछले कई दिनों से अपने एक मामले के संबंध में थाने के चक्कर लगा रही थीं। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई। हालांकि, सूत्रों के अनुसार पीड़िता ने बाद में पुलिस को लिखित बयान देकर कहा है कि घटना में उनकी भी गलती थी और वह महिला उपनिरीक्षक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं चाहती हैं।

Also Read: ‘नूडल्स एजेंट की ‘फ्लॉप फिल्म…’, खुद ही रची लूट की झूठी कहानी, रायबरेली पुलिस ने चंद घंटों में ही खोल दी पोल

मामले पर एसीपी सारनाथ विनय द्विवेदी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो गुरुवार का बताया जा रहा है। उनके अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि फरियादी और महिला उपनिरीक्षक के बीच बहस हुई थी, जिसके बाद यह घटना हुई। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की विधिक और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)