फर्रुखाबाद में आंधी-तूफान का कहर: जनजीवन अस्त-व्यस्त, दीवार ढहने से तीन घायल, रेलवे ट्रैक और हाईवे रहे बाधित

फर्रुखाबाद। जिले में देर रात अचानक बदले मौसम ने भारी तबाही मचा दी। रविवार तड़के करीब 3 बजे तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई स्थानों पर विशालकाय पेड़ और बिजली के खंभे धराशायी हो गए। इसका असर रेलवे ट्रैक, सड़क यातायात, बिजली व्यवस्था और किसानों की फसलों पर साफ देखने को मिला। वहीं एक मकान की दीवार गिरने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

रेलवे ट्रैक पर गिरे पेड़, घंटों रुका रेल संचालन

तूफान का सबसे ज्यादा असर कमालगंज ब्लॉक क्षेत्र में देखने को मिला। तेज हवाओं के चलते कानपुर-कासगंज रेलवे ट्रैक पर कई बड़े पेड़ गिर गए, जिससे रेल संचालन बाधित हो गया। सूचना मिलने पर रेलवे विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों की मशक्कत के बाद सुबह करीब 6 बजे ट्रैक को साफ कराया गया। इसके बाद ही ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरू हो सका।

Also Read : सैफई में पत्रकार पर हमला : फर्जी प्रधान संदीप उर्फ डंपी गिरफ्तार, दूसरे आरोपी की तलाश जारी

मुख्य मार्ग पर लगा लंबा जाम

कानपुर-फर्रुखाबाद मुख्य मार्ग पर भी पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सड़क पर पेड़ गिरने की वजह से करीब तीन घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। जाम में दूध के वाहन, रोडवेज बसें और अन्य यात्री वाहन फंसे रहे। रजीपुर क्षेत्र में फंसे दूध वाहन चालक विकास ने बताया कि वह सुबह 3 बजे से 7 बजे तक जाम में फंसे रहे। बाद में ठेकेदारों और प्रशासनिक टीम ने मशीनों की मदद से पेड़ हटाकर रास्ता सुचारु कराया।

मकान की दीवार गिरने से तीन घायल

आंधी-तूफान के बीच एक परिवार पर बड़ा संकट टूट पड़ा। तेज हवाओं के दबाव में एक मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसके मलबे में दबकर 60 वर्षीय रामानंद, 18 वर्षीय मोहिनी और 20 वर्षीय रजनीश घायल हो गए। हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद घायलों को मलबे से बाहर निकाला। सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।

Also Read : बहराइच में बहन से मिलकर लौट रहे किशोर की सड़क हादसे में मौत, साथी गंभीर; शादी की तैयारी के बीच टूटा परिवार

बिजली व्यवस्था चरमराई

कमालगंज क्षेत्र में करीब एक दर्जन पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति भी पूरी तरह प्रभावित हो गई। कई गांवों और कस्बाई इलाकों में घंटों तक बिजली गुल रही, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली विभाग की टीमें आपूर्ति बहाल करने में जुटी रहीं।

किसानों की फसलों को भारी नुकसान

बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की मेहनत पर भी पानी फेर दिया। तेज हवा के चलते खेतों में खड़ी मक्का की फसल जमीन पर गिर गई, जिससे किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका है।

कायमगंज मंडी में भीगा हजारों क्विंटल गेहूं

कायमगंज क्षेत्र में भी रात करीब 3 बजे अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण मंडी परिसर में खुले में रखा हजारों क्विंटल गेहूं भीग गया। किसानों और व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है। प्रशासन अब नुकसान का आकलन करने में जुट गया है।

अचानक आए इस आंधी-तूफान ने पूरे जिले में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है, जबकि किसान अपनी बर्बाद फसलों को देखकर चिंतित नजर आ रहे हैं।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )