गोरखपुर : दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के रक्षा एवं स्त्रातजिक अध्ययन विभाग द्वारा विभाग के शोध छात्र डॉ. हर्षवर्धन सिंह के इलाहाबाद विश्वविद्यालय के रक्षा एवं स्त्रातजिक अध्ययन विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर चयनित होने के उपलक्ष्य में एक भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन विश्वविद्यालय के सेमिनार हॉल में किया गया। कार्यक्रम में विभागीय शिक्षकों, शोधार्थियों एवं छात्र-छात्राओं के बीच हर्ष और उल्लास का वातावरण रहा।
कार्यक्रम में विभाग के वरिष्ठ आचार्य प्रो. सतीश चन्द्र पाण्डेय ने डॉ. हर्षवर्धन सिंह को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि विभाग एवं विश्वविद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल शुरुआत है और भविष्य में भी शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेंगे।
विभागाध्यक्ष प्रो. विनोद कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि एक गुरु एवं विभागाध्यक्ष के रूप में अपने विद्यार्थी का इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में चयन होना अत्यंत प्रसन्नता और गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि डॉ. हर्षवर्धन भविष्य में दोनों विश्वविद्यालयों के बीच शैक्षणिक एवं शोध सहयोग की महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रवीण कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर विभाग के अन्य शिक्षकगण प्रो हर्ष कुमार सिन्हा,डॉ. जितेंद्र कुमार, डॉ. आरती यादव, डॉ. विजय कुमार, डॉ. अभिषेक कुमार सिंह सहित अन्य विभागों से आए डॉ. आनंद सिंह, डॉ. श्री प्रकाश सिंह, डॉ. रामकृत सिंह एवं डॉ. सुनील कुमार आदि ने भी डॉ. हर्षवर्धन सिंह को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
अपने सम्मान संबोधन में डॉ. हर्षवर्धन सिंह ने कहा कि यह क्षण उनके लिए अत्यंत भावुक एवं प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि जिस विभाग में उन्होंने एक छात्र के रूप में प्रवेश लिया था, उसी विभाग में सम्मानित होना उनके लिए गर्व और भावनात्मक अनुभव है। उन्होंने विभाग के सभी शिक्षकों द्वारा मिले स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपने कार्यों एवं शोध के माध्यम से विभाग और विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रतिष्ठित करने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने विशेष रूप से मां पटेश्वरी विश्वविद्यालय, बलरामपुर के कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह, गणित एवं सांख्यिकी विभागाध्यक्ष प्रो. उमा श्रीवास्तव, रक्षा अध्ययन विभाग के सेवानिवृत्त आचार्य प्रो. प्रदीप कुमार यादव तथा प्रो. श्री निवास मणि त्रिपाठी द्वारा प्राप्त स्नेह एवं मार्गदर्शन को भी स्मरण किया।
उल्लेखनीय है कि डॉ. हर्षवर्धन सिंह गोरखपुर जनपद के खानीपुर, तेनुआ गांव के मूल निवासी हैं। उन्होंने गुरु गोरखनाथ शोध पीठ में शोध अध्येता के रूप में कार्य किया है। उनके द्वारा 10 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित किए जा चुके हैं तथा डेढ़ दर्जन से अधिक पुस्तकों के संपादन कार्य में सहायक संपादक के रूप में योगदान दिया गया है। इसके अतिरिक्त शोध पीठ से प्रकाशित शोध पत्रिकाओं में भी उन्होंने सहायक संपादक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कार्यक्रम में विभाग के शोधार्थी, स्नातक एवं स्नातकोत्तर के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )













































