दिल्ली के रानीबाग इलाके में सोमवार रात एक चलती स्लीपर बस में महिला के साथ कथित रूप से दुष्कर्म की घटना सामने आई है। पीड़िता मंगोलपुरी स्थित एक फैक्टरी में काम करती है और काम खत्म कर घर लौट रही थी। इस मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है।
बस में जबरन ले जाने का आरोप
जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय महिला सरस्वती विहार इलाके में बस का इंतजार कर रही थी, तभी एक स्लीपर बस वहां रुकी। आरोप है कि बस में खड़े एक व्यक्ति ने महिला को टाइम पूछने के बहाने जबरन अंदर बस में खींच लिया। इसके बाद बस के चालक को वाहन आगे बढ़ाने के लिए कहा।
पीड़िता के साथ हुई गंभीर वारदात
पीड़िता के बयान के अनुसार, बस में मौजूद चालक और एक अन्य व्यक्ति ने उसके साथ दुष्कर्म किया। कुछ देर बाद नांगलोई मेट्रो स्टेशन के पास उसे बस से बाहर फेंक दिया गया और आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर अवस्था में महिला को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही रानीबाग पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। रूट पर लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से बस की पहचान की गई, जो दिल्ली से बिहार के बीच चलती पाई गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस को जब्त कर लिया और चालक व हेल्पर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।













































