फर्रुखाबाद में पर्यावरण संरक्षण की बड़ी मुहिम : 40.82 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य, गंगा में गिरने वाले नालों पर लगेगी रोक

फर्रुखाबाद : फर्रुखाबाद जिले को हराभरा बनाने और गंगा नदी को स्वच्छ रखने के लिए जिला प्रशासन ने बड़े स्तर पर अभियान शुरू करने की तैयारी कर ली है। कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में पर्यावरण, वृक्षारोपण और गंगा संरक्षण से जुड़ी समितियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें कई अहम फैसले लिए गए।

बैठक में बताया गया कि शासन की ओर से फर्रुखाबाद को इस वर्ष 40 लाख 82 हजार 488 पौधों के रोपण का लक्ष्य दिया गया है। इसमें वन विभाग को 21 लाख पौधे लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि अन्य विभागों को 19 लाख 82 हजार 488 पौधे रोपित करने होंगे।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे पौधरोपण के लिए चयनित स्थलों की सूची, कार्ययोजना और गड्ढा खुदाई की रिपोर्ट हर हाल में 30 मई तक प्रशासन को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Also Read : मोहम्मदाबाद में युवक का शव फंदे पर लटका मिला, पुलिस को बिना सूचना दिए परिजनों ने किया अंतिम संस्कार

गंगा स्वच्छता की समीक्षा के दौरान डीएम ने गंगा में गिर रहे दूषित नालों को लेकर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने निर्देश दिए कि गंगा में गिरने वाले सभी नालों को चिन्हित कर टैग किया जाए। साथ ही बीबीगंज नाले के लिए नया पंपिंग स्टेशन स्थापित करने और सोताबहादुरपुर नाले को 30 एमएलडी क्षमता के तहत टैप करने के लिए गंगा प्रदूषण नियंत्रण विभाग को प्रस्ताव भेजने को कहा गया।

गंगा घाटों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए घाटों पर कार्यरत नाविकों, गोताखोरों, पंडा-पुजारियों और दुकानदारों का पंजीकरण कराया जाएगा। इसके बाद पुलिस विभाग द्वारा उनका सत्यापन भी कराया जाएगा ताकि सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाई जा सके।

बैठक में बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन की भी समीक्षा हुई। जिलाधिकारी ने सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को कचरा निस्तारण नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, परियोजना निदेशक कपिल कुमार समेत कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

जिले में पर्यावरण संरक्षण और गंगा स्वच्छता को लेकर प्रशासन की यह पहल आने वाले समय में बड़ा बदलाव ला सकती है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)